COVID-19 और सामान्य फ्लू में कैसे करें फर्क? आसान भाषा में जानें

By Aditya Bharat
21 May 2025, 14:30 IST

COVID-19 और सामान्य फ्लू दोनों ही वायरस से फैलते हैं, लेकिन इनके लक्षणों और असर में कई फर्क होते हैं। आइए डॉ. जोशवा से जानते हैं इन दोनों बीमारियों को पहचानने के आसान तरीके।

लक्षण कब शुरू होते हैं?

सामान्य फ्लू के लक्षण अचानक शुरू होते हैं और अक्सर एक या दो दिन के भीतर दिखाई देने लगते हैं। इसके विपरीत, COVID-19 के लक्षण धीरे-धीरे विकसित होते हैं और इन्हें उभरने में 2 से 14 दिन तक का समय लग सकता है।

बुखार और ठंड लगना

फ्लू में आमतौर पर तेज बुखार आता है और व्यक्ति को ठंड लगने की शिकायत होती है। वहीं, COVID-19 में भी बुखार हो सकता है, लेकिन यह कुछ लोगों में हल्का होता है या हो भी नहीं सकता।

खांसी और सांस की दिक्कत

फ्लू में खांसी अक्सर सूखी होती है, लेकिन सांस लेने में ज्यादा परेशानी नहीं होती है। इसके विपरीत, COVID-19 में सूखी खांसी के साथ-साथ सांस लेने में अधिक कठिनाई देखी जाती है।

गंध और स्वाद जाना

COVID-19 का एक प्रमुख लक्षण यह है कि व्यक्ति गंध और स्वाद को महसूस नहीं कर पाता, जबकि फ्लू में यह लक्षण बहुत कम देखा जाता है। अगर अचानक खाने-पीने का स्वाद न लगे, तो COVID-19 की जांच जरूरी हो जाती है।

थकान और शरीर में दर्द

फ्लू में शुरुआती दिनों में ही शरीर में दर्द और ज्यादा थकान महसूस होती है। वहीं, COVID-19 में भी थकान हो सकती है, लेकिन यह लंबे समय तक बनी रह सकती है।

उलझन और गंभीर लक्षण

COVID-19 में कुछ लोगों को मानसिक उलझन, सीने में दबाव या होंठ नीले पड़ने जैसे गंभीर लक्षण हो सकते हैं। फ्लू में ये लक्षण बहुत कम देखने को मिलते हैं।

टेस्ट से पक्की पहचान

क्योंकि फ्लू और COVID-19 के लक्षण आपस में मिलते-जुलते हैं, इसलिए केवल लक्षणों के आधार पर अंतर करना मुश्किल होता है। COVID-19 की सटीक पहचान के लिए RT-PCR या एंटीजन टेस्ट कराना आवश्यक है।

अगर बुखार लंबे समय तक बना रहे, सांस लेने में परेशानी हो, या गंध और स्वाद में बदलाव महसूस हो, तो डॉक्टर से तुरंत संपर्क करना चाहिए। सेहत से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com