हमारी हड्डियों की मजबूती के लिए कैल्शियम एक जरूरी तत्व है। कैल्शियम की कमी से न सिर्फ हड्डियां कमजोर होती हैं, बल्कि हड्डी से जुड़े कई तरह के रोगों का खतरा भी बढ़ जाता है। क्या आपको पता है कि कुछ ऐसे आहार है, जिनके ज्यादा सेवन से आपकी हड्डियों का कैल्शियम नष्ट होता है। कैल्शियम एक ऐसा तत्व है, जिसे हमारा शरीर आसानी से एब्जॉर्ब (अवशोषित) नहीं कर पाता है। हम आहार के द्वारा जितना भी कैल्शियम लेते हैं, उसका केवल 20% से 30% कैल्शियम ही शरीर को मिलता है। ज्यादातर कैल्शियम यूरिन, पसीने या मल के रास्ते से निकल जाता है।
ऐसे में अगर आप कैल्शियम को नष्ट करने वाले इन आहारों का ज्यादा सेवन करते हैं, तो आपकी हड्डियां कमजोर होती हैं और ऑस्टियोपोरोसिस, जोड़ों के दर्द, ऑस्टियोपीनिया आदि रोगों का खतरा बढ़ जाता है।
सॉफ्ट ड्रिंक्स
सॉफ्ट ड्रिंक्स न सिर्फ आपके भोजन द्वारा लिए गए कैल्शियम को बर्बाद करते हैं, बल्कि आपके शरीर में पहले से मौजूद कैल्शियम को भी सोख लेते हैं। इसलिए जो लोग बहुत ज्यादा सॉफ्ट ड्रिंक्स जैसे- कोल्ड ड्रिंक्स, सोडा, फ्लेवर्ड जूस आदि का सेवन करते हैं, उनकी हड्डियां कमजोर हो जाती हैं। खाने के बाद कभी भी इन सॉफ्ट ड्रिंक्स का सेवन नहीं करना चाहिए।
ब्रेड, केक और अन्य बेकरी फूड्स
बहुत से लोगों को बेकरी फूड्स जैसे ब्रेड, बन, केक, रस्क आदि बहुत पसंद होते हैं। लेकिन इनमें शुगर की मात्रा और कई प्रकार के हानिकारक तत्व होते हैं, जिसके कारण इनके बहुत ज्यादा सेवन से शरीर की हड्डियां खोखली हो जाती हैं और व्यक्ति ऑस्टियोपोरोसिस का शिकार हो सकता है। इसके अलावा कई शोधों में ये पता चला है कि बेकरी प्रोडक्ट्स की प्रॉसेसिंग के दौरान अन्न में मौजूद सभी पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं।
जानवरों से प्राप्त प्रोटीन
जानवरों से प्राप्त होने वाले आहार जैसे- दूध, मांस, मछली, अंडे आदि का सेवन आपके शरीर के लिए फायदेमंद माना जाता है। लेकिन अगर आप रोजाना इन्हीं पदार्थों का सेवन करते हैं, तो इनसे मिलने वाले प्रोटीन आपकी हड्डियों को नुकसान पहुंचाते हैं। एक शोध के अनुसार जो लोग रोजाना मांस, मछली, अंडे आदि का सेवन करते हैं, उनमें हड्डी रोगों की संभावना सामान्य लोगों से 3-4 गुना अधिक बढ़ जाती है। हालांकि दूध का सेवन रोजाना किया जा सकता है मगर इसके साथ ही अन्य पोषक तत्व भी बहुत जरूरी हैं।
इसे भी पढ़ें:- क्या ग्लूटेन फ्री डाइट सभी के लिए है फायदेमंद या कुछ नुकसान भी हैं? जानें सच्चाई
चॉकलेट का सेवन
लगातार चाकलेट खाने से हड्डियां कमजोर होती हैं। इससे आस्टियोपोरोसिस और हड्डियों में फ्रैक्चर का खतरा बढ़ जाता है। चाकलेट में मौजूद फ्लैवोनॉल और कैल्सियम 'बोन मिनरल डेंसिटी' के लिए सकारात्मक असर डालने वाले तत्व हैं, लेकिन इसमें आक्सेलेट भी होता है। यह आक्सेलेट कैल्सियम और शुगर को सोखता है। इसलिए इनका सेवन हड्डियों के लिए खतरनाक है।
चाय, कॉफी की आदत
कैफीन, शरीर में पहुंचकर फायदे से ज्यादा नुकसान करती है। अधिक मात्रा में कैफीन के सेवन से शरीर की हड्डियों पर बुरा प्रभाव पड़ता है। ज्यादा कैफीन से शरीर में कैल्शियम नष्ट होने लगता है। कैल्शियम का लेवल कम होने से हड्डियों और मसल्स कमजोर होने लगते हैं। एक शोध के अनुसार, एक साल तक एक दिन में तीन कप कॉफी से अधिक पीना बोन मास डेंसिटी को कम करता है। और इससे आप ऑस्टियोपोरोसिस के विकास के उच्च जोखिम पर होते हैं। ऑस्टियोपोरोसिस की बीमारी से महिलाएं कमजोर हड्डियों के कारण पीड़ित होती है।
इसे भी पढ़ें:- फिट और स्लिम रहने के लिए जरूरी है बैलेंस्ड डाइट, खान-पान में करें ये 5 बदलाव
नमक ज्यादा खाना
सोडियम ज्यादा मात्रा में लेने से सबसे पहले तो हमारा ब्लड प्रेशर प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा ये धीरे-धीरे हमारी हड्डियों को कमजोर करता है। दरअसल ज्यादा मात्रा में सोडियम से कैल्शियम का क्षरण शुरू हो जाता है और ये यूरिन के माध्यम से बाहर निकल जाता है। इसलिए आपको नमक वाली चीजों जैसे प्रॉसेस्ड फूड्स, फास्टफूड्स, पैकेटबंद चीजें आदि का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिेए।
सिगरेट और तंबाकू है खतरनाक
सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों में निकोटीन पाया जाता है। निकोटीन सिर्फ फेफड़ों के लिए ही नुकसानदायक नहीं है बल्कि ये आपकी हड्डियों, मसल्स और जोड़ों को भी नुकसान पहुंचाता है। निकोटीन से फ्रैक्चर का खतरा अधिक बढ़ जाता है। निकोटिन का अधिक सेवन करने वाले लोगों को बैक पेन यानी पीठ दर्द की संभावना बहुत अधिक बढ़ जाती है। धूम्रपान और तंबाकू से बोन कैंसर का संबंध बहुत गहरा है।
ऐसे अन्य स्टोरीज के लिए डाउनलोड करें: ओनलीमायहेल्थ ऐप
Read More Articles On Healthy Diet In Hindi