
आप किसी भी उम्र के हों, अगर ये 5 टिप्स अपनी डेली लाइफ में अपना लेते हैं, तो आप हमेशा फिट, स्वस्थ और एक्टिव रहेंगे। बेहद आसान और प्रभावी हैं ये टिप्स।
आज के समय में खुद को फिट और एक्टिव रखना एक चुनौती भरा काम है। दुबलापन या मोटापन तो छोड़िए, कई बार शरीर से फिट दिखता हुआ इंसान भी अंदर से कई बीमारियों और रोगों का शिकार हुआ रहता है, जिसका पता देखकर नहीं लगाया जा सकता है। आजकल 40 की उम्र के बाद 80% से ज्यादा लोग डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, मोटापा या कैंसर जैसी बीमारियों के शिकार हो जाते हैं। किडनी की पथरी, हर्निया और अपेंडिसाइटिस (अपेंडिक्स) की बीमारी भी लोगों में बहुत आम हो चुकी है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों का बीमार होना कहीं न कहीं यह बताता है कि हमारी सामान्य लाइफस्टाइल में हम कुछ ऐसी गलतियां कर रहे हैं, जो हमें बीमार बना रही हैं। इन गलतियों को सुधाकर और कुछ अच्छी आदतें अपनाकर आप जीवनभर फिट और स्वस्थ रह सकते हैं। इसलिए हम आपको बता रहे हैं अपने आप को फिट और हेल्दी रखने के लिए 5 आसान और प्रभावी टिप्स, जो हर उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद साबित होंगी।
सुबह उठकर एक ग्लास पानी पीने की आदत डालें (Water in Empty Stomach)
सुबह उठने के बाद अगर आप सबसे पहले एक-दो ग्लास सादा या गुनगुना पानी पीने की आदत बना लें, तो इससे आपकी कई बीमारियां दूर हो जाएंगी। सुबह खाली पेट पिया गया पानी एक तरह से आपके पूरे बॉडी सिस्टम में रेगुलेट होकर बॉडी को रिफ्रेश कर देता है। सुबह उठकर पानी पीने से आपको पेट की 10 से ज्यादा बीमारियों का खतरा कम हो जाता है। इसके अलावा सुबह पिया गया पानी आपके मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाता है। वजन घटाने की चाहत रखने वाले लोगों को रोजाना सुबह उठकर 1 ग्लास गुनगुने पानी में नींबू डालकर पीना चाहिए। ये आदत 5 साल से लेकर किसी भी उम्र तक के लोग अपना सकते हैं, उन्हें फायदा मिलेगा।
इसे भी पढ़ें: शरीर को हमेशा फिट और हेल्दी रहना है, तो याद कर लीजिए 1 से 10 तक सेहत के ये मूलमंत्र
रोज कम से कम 2 फल और 2 सब्जियां खाएं (2 Fruits & 2 Vegetables Everyday)
फल और सब्जियां प्राकृतिक रूप से ढेर सारे पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं। सभी रंगों के फलों और सब्जियों में कई तरह के एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं और ये फाइबर और मिनरल्स से भरपूर होते हैं। इसलिए इनके सेवन से कैंसर, ट्यूमर, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और हार्ट अटैक जैसी बीमारियों से बचाव रहता है। आपको हर दिन कम से कम 2 ताजे फल और 2 तरह की सब्जियां जरूर खाने चाहिए। सब्जियां और फल अलग-अलग रंग के होने चाहिए।
दोपहर और रात के खाने के बाद 15 मिनट टहलने की आदत डालें (15 Minutes Walk After Every Meal)
दोपहर के खाने (लंच) और रात के खाने (डिनर) के बाद हमेशा 15 मिनट टहलने की आदत डालें। ये 15+15=30 मिनट आपको कई गंभीर बीमारियों से बचा सकते हैं। खाना खाने के बाद तुरंत लेट जाने, सो जाने या बैठ जाने की आदत बहुत खराब है। आप जब खाना खाते हैं, तो थोड़ी देर में ही आपके शरीर का ब्लड शुगर बढ़ने लगता है। खाने के तुरंत बाद आराम करने से आपका मोटापा बढ़ता है और ढेर सारे रोगों का खतरा भी। इसलिए रोज खाना खाने के बाद 15 मिनट वॉक जरूर करें।
रोजाना 30 मिनट एक्सरसाइज करें (30 Minutes Exercise Daily)
क्या आप जानते हैं कि रोजाना 30 मिनट एक्सरसाइज करके आप अपनी जिंदगी को 3 से 8 साल तक बढ़ा सकते हैं? एक्सरसाइज के द्वारा डायबिटीज, मोटापा, कैंसर, हाई ब्लड प्रेशर जैसी सैकड़ों गंभीर और जानलेवा बीमारियों को रोक सकते हैं। एक्सरसाइज करने से आपके शरीर में ब्लड सर्कुलेशन ठीक रहता है, फेफड़े स्वस्थ रहते हैं और मस्तिष्क के हिस्से में ऑक्सीजन की आपूर्ति बेहतर होती है। रोजाना एक्सरसाइज की आदत सभी उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद है।
इसे भी पढ़ें: दूसरों की 'निगेटिव एनर्जी' से अपने आपको कैसे बचाएं? जानें 5 आसान तरीके ताकि आपसे दूर रहे नकारात्मक ऊर्जा
रात को सोने से पहले 1 ग्लास हल्दी वाला दूध पिएं (Turmeric Milk Before Bed)
रात का खाना आपको थोड़ा जल्दी खाना चाहिए। सोने से कम से कम 2 घंटे पहले खाना खा लें और ध्यान रखें कि पेट भरकर खाना न खाएं। बल्कि खाना खाने के 1.5 घंटे बाद यानी सोने से 30 मिनट पहले एक ग्लास या एक कप हल्दी वाला दूध पिएं। ये दूध आपके पाचन को ठीक रखेगा और शरीर में कैल्शियम की कमी को पूरा करेगा।
Read More Articles on Mind & Body in Hindi
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।