
मॉनसून में बच्चों की इम्यूनिटी थोड़ी कमजोर हो जाती है, जिसके कारण वे सर्दी-जुकाम, फ्लू आदि मौसमी बीमारियाों का शिकार जल्दी हो जाते हैं। इस मौसम में बच्चों की सेहत का विशेष ख्याल रखना पड़ता है। बच्चों को मौसमी बीमारियों से बचाने के लिए उनकी डाइट में कुछ ऐसी चीजें शामिल करनी चाहिए, जो उन्हें पोषण दें साथ ही उनकी इम्यूनिटी को भी मजबूत करें। तो चलिए जानते हैं मॉनसून में बच्चों की इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए बच्चों को क्या खिलाना चाहिए।
दाल
दालों मेंप्रोटीन, फाइबर, फोलिक एसिड, आयरन, पोटैशियम, जिंक और मैग्नीशियम भरपूर मात्रा में पाया जाता हैं। ये सभी पोषक तत्व बच्चों के शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। दाल के सेवन से बच्चों की इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद मिलती है। दाल के सेवन से शरीर में एंटीबॉडीज बनने में मदद मिलती है, जिससे शरीर की इम्यूनिटी मजबूत होती है। बच्चों को दाल लंच और डिनर में दी जा सकती है। ध्यान रखें बच्चों को दाल ताजी बनाकर ही खिलाएं।
हल्दी दूध
हल्दी वाले दूध के सेवन से बच्चों की इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद मिलती है। बच्चों को रोज रात को हल्दी वाले दूध में शहद मिलाकर देने से बच्चों की इम्यूनिटी मजबूत होने के साथ इससे बच्चों की हड्डियां भी मजबूत होती हैं। बच्चों को सर्दी-जुकाम होने पर भी हल्दी दूध दिया जा सकता है। हल्दी दूध में भरपूर मात्रा में कैल्शियम पाया जाता है, जो बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद होता है। रात में सोने से पहले एक गिलास हल्दी वाला दूध बच्चों को मॉनसून में होने वाली मौसमी बीमारियों से दूर रख सकता है।
मुनक्का
मुनक्का में प्रचुर मात्रा में एंटी-ऑक्सीडेंट्स और फाइबर पाए जाते हैं, जो बच्चों में कब्ज नहीं होने देते। एंटी-ऑक्सीडेंट्स बच्चों की इम्यूनिटी बढ़ाने में भी मदद करते हैं। मुनक्का का सेवन बच्चों को कराने के लिए रात में मुनक्के को भिगो दें। बच्चों को सुबह उठने के बाद खाली पेट भीगे हुएमुनक्का दें। मुनक्का में कैल्शियम, आयरन, पोटैशियम और मैग्नीशियम भी पाया जाता है, जो बच्चे की इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करता है।
तुलसी
तुलसी का सेवन हर घर में किया जाता है। तुलसी में कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो बच्चों की इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करते हैं। बच्चों को तुलसी की 2-3 पत्तियां भी खिलाई जा सकती हैं। अगर बच्चे तुलसी की पत्तियां नहीं खा रहे हैं, तो उन्हें तुलसी का काढ़ा बना कर भी दिया जा सकता है। तुलसी में प्रचुर मात्रा में विटामिन सी, विटामिन ए, आयरन और कैल्शियम भी पाया जाता है, जो इम्यूनिटी को मजबूत करने में मदद करता है। तुलसी बच्चों में सर्दी-खांसी और कफ की परेशानी को भी ठीक करने में सहायता करती है।
ड्राई फ्रूटस
ड्राई फ्रूटस खाने से बच्चों के शरीर में खून की कमी दूर होती है और दिमाग तेज होता है। बच्चों को नियमित ड्राई फ्रूटस देने से बच्चों की इम्यूनिटी बढ़ती है। बच्चों को सूखे या रात में भिगोए हुए ड्राई फ्रूटस दिए जा सकते हैं। ड्राई फ्रूटस में प्रोटीन, फाइबर और विटामिन भी प्रचुर मात्रा में पाया जाता है, जो बच्चों के शरीर को मजबूत बनाता हैं। आप बच्चों को बादाम, अखरोट, पिस्ता, काजू, किशमिश, मुनक्का, खजूर, अंजीर आदि खिला सकते हैं।
मॉनसून में बच्चों की इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए ये चीजें आसानी से दी जा सकती हैं। इनसे बच्चो की इम्यूनिटी बढ़ाने के साथ उनके शरीर को पोषण भी मिलता है, जो शरीर को मजबूत करने में मदद करता है। सर्दी-खांसी और जुकाम ज्यादा बढ़ने पर डॉक्टर का परामर्श लें।
All Image Credit- Freepik