
How Much Milk You Should Drink A Day: शरीर को हेल्दी और फिट रखने के लिए हेल्दी और पौष्टिक डाइट का सेवन करना जरूरी है। बचपन से ही हम सभी यह सुनते आए हैं कि दूध पीने से आपकी सेहत और शरीर को कई फायदे मिलते हैं। दूध में मौजूद पोषक तत्वों और गुणों के कारण ही इसे सुपरफूड माना जाता है। डॉक्टर भी दूध को संपूर्ण आहार मानते हैं। दूध में प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में होते हैं। दूध और इससे बने प्रोडक्ट्स का सेवन दुनियाभर में किया जाता है। इसमें विटामिन बी 12, विटामिन डी, प्रोटीन, कैल्शियम, मिनरल्स और पोटैशियम आदि पाए जाते हैं। दूध पीने से आपकी हड्डियां मजबूत होती हैं और कई गंभीर बीमारियों के खतरे को कम करने में भी मदद मिलती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक स्वस्थ व्यक्ति को रोजाना कितना दूध पीना चाहिए। इसका अधिक सेवन करने से आपको कई नुकसान हो सकते हैं। आइये इस लेख में विस्तार से जानते हैं एक दिन में कितना दूध पीना फायदेमंद और सुरक्षित होता है?
एक दिन में कितना दूध पीना चाहिए?- How Much Milk You Should Drink A Day in Hindi
दूध के सेवन को लेकर दुनियाभर में तमाम शोध और अध्ययन होते रहते हैं। कुछ शोध में यह कहा गया है कि दूध का सेवन सभी के लिए बहुत फायदेमंद होता है, तो वहीं कुछ शोध और अध्ययन इसके नुकसान की तरफ भी इशारा करते हैं। जरूरत से ज्यादा दूध पीने से आपके शरीर को कई गंभीर नुकसान भी पहुंच सकते हैं। कुछ लोगों को दूध से एलर्जी भी होती है, ऐसे लोगों को दूध पीने या दूध से बने प्रोडक्ट्स का सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए। अगर आप रोजाना बहुत ज्यादा मात्रा में दूध का सेवन करते हैं, तो इससे पाचन तंत्र पर असर पड़ सकता है।
इसे भी पढ़ें: क्या सुबह खाली पेट दूध पी सकते हैं? एक्सपर्ट से जानें इसके नुकसान और सावधानियां
आरोग्यं हेल्थ सेंटर के क्लिनिकल डायटीशियन डॉ. वी डी त्रिपाठी कहते हैं कि हर व्यक्ति की शारीरिक स्थिति और उम्र के हिसाब से खाने-पीने की क्षमता अलग-अलग होती है। डाइट और शारीरिक एक्टिविटी के आधार पर भी लोगों की डाइट अलग-अलग होती है। आमतौर पर एक से दो गिलास दूध का सेवन हर व्यक्ति के लिए सुरक्षित और फायदेमंद माना जाता है। उम्र के हिसाब से भी दूध पीने की क्षमता कम या ज्यादा हो सकती है। CDC की रिपोर्ट के मुताबिक 3 साल तक के बच्चे को आप रोजाना 300 से 500 मिलीलीटर दूध दे सकते हैं। इसके अलावा 4 से 10 साल की उम्र के बच्चे को रोजाना 400 से 600 मिलीलीटर दूध दिया जा सकता है। इसके बाद 11 साल से 18 साल के उम्र के लोग रोजाना 500 मिलीलीटर से 700 मिलीलीटर दूध का सेवन कर सकते हैं। 18 साल से ज्यादा उम्र के वयस्कों को रोजाना 1 से 2 गिलास दूध जरूर पीना चाहिए। दूध पीने की यह क्षमता व्यक्ति की शारीरिक स्थिति के हिसाब से अलग-अलग भी हो सकती है।
ज्यादा दूध पीने के नुकसान- Side Effects Of Milk in Hindi
ज्यादा दूध पीने की वजह से आपको कई गंभीर समस्याओं का खतरा रहता है। इसकी वजह से आपको पेट और पाचन तंत्र से जुड़ी कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। रोजाना जरूरत से ज्यादा मात्रा में दूध पीने से आपको पेट में गैस, एसिडिटी, अपच, ब्लोटिंग और दस्त जैसी समस्या का खतरा रहता है। दूध में लैक्टोज की मात्रा होती है, इसकी वजह से आपको कई समस्याओं का खतरा रहता है। रोजाना बहुत ज्यादा दूध पीने से आपके शरीर में हॉर्मोन असंतुलन, सूजन की समस्या भी हो सकती है। नियमित रूप से बहुत ज्यादा दूध पीने वाले लोगों में वजन बढ़ने का खतरा भी रहता है।
(Image Courtesy: Freepik.com)