
स्मरण शक्ति कमजोर होने से कई समस्यायें आती हैं, इससे ग्रसित व्यक्ति कामयाब नहीं हो पाता है, स्मरण शक्ति को बढ़ाने के लिए इन आसान तरीकों को आप आजमा सकते हैं।
किसी भी व्यक्ति के व्यक्तित्व को प्रभावशाली बनाने में एवं उस व्यक्ति को कामयाबी दिलाने में उसकी स्मरण शक्ति का बहुत बड़ा हाथ होता है। जिस व्यक्ति की स्मरण शक्ति बहुत हीं कमजोर हो जाती है उसे अपने जीवन में बहुत ही परेशानियों का सामना करना पड़ता है। किसी भी कारण से अगर आपकी याददाश्त कमजोर हो गई है तो कुछ प्राकृतिक तेल आपकी स्मरण शक्ति को वापस लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इनके बारे में विस्तार से इस लेख में जानें।
रोजमेरी का तेल
रोजमेरी तेल का तेल स्मरण शक्ति को बढ़ाने में बहुत ही प्रभावी है। इस तेल को दौनी के पत्तों से निकाला जाता है जिसमें बहुत हीं औषधीय गुण होते हैं। इसमें मष्तिष्क की शक्ति बढ़ाने के गुण होते हैं जिसकी वजह से इसे ब्रेन टॉनिक भी कहा जाता है। इसकी तीखी खुशबू की वजह से लोग इसे खाना पकाने के काम में भी लाते हैं। इसकी तीखी खुशबू मष्तिष्क को उत्प्रेरित करती है जिसकी वजह से दिमाग की कार्यक्षमता और एकाग्रता बढ़ती है।
मछली का तेल
मछली को दिमाग का आहार माना जाता है क्योंकि उसमें ओमेगा 3 फैटी एसिड होता है। ओमेगा 3 फैटी एसिड मष्तिष्क के लिए बहुत जरुरी हैं एवं इनके सेवन से आपका दिमाग तेज होता है और स्मरण शक्ति बहुत हद तक बढ़ जाती है।
अलसी का तेल
अलसी के तेल यानी फ्लैक्स सीड में भी ओमेगा 3 फैटी एसिड पाया जाता है। इसके सेवन से भी मछली के तेल जितना हीं फायदा मिलता है। अलसी का तेल आपकी एकाग्रता बढ़ाकर स्मरण शक्ति को तेज करता है। इसके सेवन से सोचने और समझने की क्षमता भी बढ़ती है। इसका नियमित सेवन करने से मानसिक विकार भी नहीं होता है।
दालचीनी का तेल
दालचीनी का तेल भी स्मरण शक्ति बढ़ाने में काफी प्रभावकारी होता है। यह तेल कोलेस्ट्रोल को कम करता है जिसकी वजह से आपका मष्तिष्क तेजी से काम करता है। यह तेल आपके दिमाग को ठंडक पहुंचाकर दिमाग को शांत भी करता है। इसके औषधीय गुणों के कारण इसका उपयोग नर्वस टेंशन दूर करने में एवं स्मरण शक्ति को वापस लाने लिए किया जाता है।
सेज ऑयल
सेज ऑयल एक ऐसा प्राकृतिक तेल होता है जो स्मरण शक्ति का कम होने से रोकता है। इसका पौधा पुदीने के एक परिवार का ही एक सदस्य है जिससे इस तेल को प्राप्त किया जाता है। स्मरण शक्ति बढ़ाने में यह तेल बहुत ही प्रभावकारी माना जाता है।
इन तरीकों के अलावा खानपान पर विशेष ध्यान दें और नियमित रूप से योग और व्यायाम करें।
Image Source - Getty
Read More Articles on Mental Health in Hindi
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।