कहा जाता है कि सुबह का नाश्ता पूरे दिन के खाने में सबसे अहम होता है। सुबह का नाश्ता अच्छा और पौष्टिक करने से शरीर की पूर्ति हो जाती है और अगर नाश्ते में अनाज हो फिर तो क्या कहना। अनाज हमारे नाश्ते का अहम हिस्सा है। साबुत अनाज में भरपूर मात्रा में पोषक तत्वों के साथ ही विटामिन होते हैं। इसके सेवन से आपका बेहतर शरीरिक विकास तो होता ही है, साथ ही आप स्वस्थ भी रहते हैं। साबुत अनाज में फाइबर और पोषकता से भरपूर बीज शामिल होते हैं। लेकिन रोज-रोज एक ही तरीके से साबुत अनाज खाते-खाते आप पक जाते हैं। इसलिए इसे खाने से बचने लगते हैं अगर आपकी भी यहीं समस्या है तो हम आपको अनाज की ऐसी ही कुछ गर्म और ठंडी रेसिपी के बारे में बता रहे हैं जो आपके लिए फायदेमंद होने के साथ स्वादिष्ट भी हैं।
गर्म या ठंडे दूध में अनाज
एक बड़ी कटोरी में अपना पसंदीदा अनाज लीजिए और उसमें ठंडा या गर्म दूध मिला लीजिए। यह बनाने में भी आसान है और साथ ही आपके दिन की परफेक्ट शुरुआत भी है। अच्छा रहेगा कि अगर आप आमतौर पर मिलने वाले दूध के स्थान पर सोया या स्किम दूध का इस्तेमाल करें। आप चाहें तो इसमें स्ट्राबेरी भी मिला सकते हैं।
टॉप स्टोरीज़
गर्म मसाला ओट्स
मसाला ओट्स को ब्रेकफास्ट में करना सबसे बेहतर रहेगा। मसाला ओट्स खाने में बहुत हेल्दी होते हैं और इन्हें खा कर पेट भी भर जाता है। लेकिन बाजार में बिक रहे मसाला ओट्स खरीदने से बचें और घर पर ही खुद से तैयार किया हुआ मसाला ओट्स बनाएं। मसाला ओट्स बनाना बहुत ही आसान है। आप इसमें अपनी इच्छा अनुसार सब्जियां डाल सकती हैं और नमक भी स्वाद के अनुसार घटा और बढ़ा सकती हैं। इसे बनाने के लिए एक पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करके उसमें राई, कढ़ी पत्ता और हरी मिर्च डालें फिर इसमें बारीक कटी प्याज और अदरक लहसुन का पेस्ट डाल कर 3 मिनट पकाएं। फिर कटे टमाटर, नमक, हल्दी और गर्म मसाला पाउडर डालें और सब्जियों को मसाले के साथ अच्छी तरह से मिक्स करें। इसमें ओट्स और थोड़ा सा पानी मिलाकर 1 मिनट तक हल्की आंच में पकाएं। लीजिए आपका गर्मागर्म मसाला ओट्स तैयार है।
अनाज की ठंडी स्मूदी
यह आपके लिए नाश्ते के लिए सम्पूर्ण आहार है। आप इसे सुबह के ठंडे नाश्ते के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए आप आधी कटोरी ओट्स को कुछ देर के लिए पानी में भिगो दें। फिर पानी में भीगे हुए ओट्स, आधा केला, फ्रोजन स्ट्रॉबेरी (दो या तीन कटी हुई), एक चम्मच शहद और थोड़ी सा दालचीनी पाउडर, एक अलसी पाउडर और एक कप दूध को ब्लैंडर में डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। आपकी स्मूदी तैयार है।
साबुत अनाज का सूप
इसे बनाने के लिए आधा कप साबुत अनाज, एक चम्मच जैतून का तेल, कटा हुआ लौंग और लहुसन, एक प्याज, कटा हुआ मशरूम, आधा कप कटा हुआ पालक, एक चम्मच अजवाइन, एक नींबू का रस, नमक स्वादानुसार, और मिर्च लीजिए। ओट को पानी में अच्छे से धोएं। तेल में मिलाकर इसे इसे करीब 10 मिनट तक उबालें। फिर इसमें प्याज के कटे हुए टुकड़े और लहसुन डालें और इसे फिर 10 मिनट तक पकाएं। उसके बाद इसमें मशरूम और पालक मिलाएं और फिर और 5-7 मिनट तक पकाएं। इसमें नमक मिलाकर इसका सेवन कीजिए।
इस लेख से संबंधित किसी प्रकार के सवाल या सुझाव के लिए आप यहां पोस्ट/कमेंट कर सकते है।
Image Source : Getty
Read More Articles on Healthy Eating in Hindi