अगर आपने हाल में कोई ऑपरेशन करवाया है यानी आपकी सर्जरी हुई है, तो संभव है कि डॉक्टर ने आपको कुछ दिनों तक बिस्तर पर लेटे रहने (Bed Rest) की सलाह दी हो। आमतौर पर अगर पेट या आंतों की सर्जरी न हो, तो डॉक्टर खानपान में परहेज नहीं बताते हैं। मगर इसका मतलब यह नहीं है कि आप इस दौरान कुछ भी खा सकते हैं। सर्जरी के बाद आपको ऐसी चीजें खानी चाहिए, जो इंफेक्शन के खतरे को कम करे, शरीर में खून बढ़ाए करें और सर्जरी के घाव को जल्दी सुखाने में मदद करें। इसके अलावा दिनभर बिस्तर पर लेटे या बैठे रहने के कारण आपको ऐसी चीजें खानी चाहिए, जो हल्की और सुपाच्य हों, यानी जिन्हें पचाने के लिए शरीर को ज्यादा मेहनत न करनी पड़े और एक्सट्रा कैलोरीज भी न बढ़ें। आइए आपको बताते हैं सर्जरी के बाद कैसा होना चाहिए आपका डाइट प्लान और कौन सी सावधानियां हैं जरूरी।
कैसा होना चाहिए सर्जरी के बाद खानपान? (After Surgery Diet Plan)
सर्जरी के बाद अगर मरीज खानपान पर ध्यान नहीं देते हैं, तो उन्हें कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं जैसे- इंफेक्शन, निमोनिया, अचानक वजन बढ़ना या घटना आदि। जबकि अगर मरीज का खानपान सही हो, तो वो इंफेक्शन (संक्रमण) से तो बचे ही रहते हैं, साथ ही उनका जख्म भी जल्दी भरता और सूखता है। इसलिए अगर किसी व्यक्ति ने हाल में सर्जरी करवाई है, तो उसे अपने खानपान का ध्यान रखना बहुत जरूरी है।
टॉप स्टोरीज़
सर्जरी के बाद क्या खाएं? (What Foods to Eat After Surgery?)
कौन सी सब्जियां खाएं- गाजर, कद्दू, परवल, लौकी, तोरई, ब्रोकली, पत्तागोभी, आलू, शकरकंद, पालक
नॉनवेज फूड्स में क्या खाएं- अंडे खा सकते हैं। इसके अलावा रोस्टेड चिकन खा सकते हैं। मगर यदि पेट की सर्जरी हुई है, तो ऩॉनवेज फूड्स खाने से बचें।
प्रोयबायोटिक वाले आहार खाएं- जैसे योगर्ट, दही आदि। ये आपके पाचन को बढ़ाते हैं।
दाल कौन सी खाएं- मूंग की दाल, मसूर और अरहर की दाल खाएं
कौन से फल खाएं- संतरे, सेब, बेरीज, खरबूजा, तरबूज, खुबानी, अंगूर, आम (लेकिन बहुत ज्यादा नहीं), पपीता और टमाटर
अन्य फायदेमंद आहार- सर्जरी के बाद इस बात का ध्यान रखें कि आप खाने से ज्यादा पीने पर ध्यान दें। यानी पानी ज्यादा पिएं और लिक्विड डाइट लें। आप चाहें तो नारियल पानी, फलों का जूस, लस्सी, छाछ, स्मूदी, ग्रीन टी और हर्बल चाय आदि ले सकते हैं।
इसे भी पढ़ें:- बीमारी में खाएं ये 5 आहार, दूर होगी कमजोरी और जल्द मिलेगा रोग से छुटकारा
सर्जरी के बाद क्या न खाएं? (What Foods to Avoid After Surgery?)
सर्जरी के बाद आपको ऐसी चीजें नहीं खानी चाहिए, जिन्हें आपका पेट आसानी से नहीं पचा पाता है। इसके अलावा ऐसे फूड्स से भी दूर रहना चाहिए जो आपके जख्म को जल्दी सूखने से रोकते हैं।
कौन सी सब्जियां न खाएं- कटहल, बैंगन, अरबी और दूसरी गरिष्ठ सब्जियां
कौन सी दाल न खाएं- सर्जरी के बाद आपको चने की दाल, उड़द की दाल, सोया बीन्स, राजमा, छोले आदि न खाएं।
नॉनवेज में क्या न खाएं- पॉर्क, मटन, बहुत अधिक तेल-मसाले में बना हुआ चिकन, ढेर सारे अंडे, बीफ आदि नहीं खाना चाहिए क्योंकि आपके पेट के लिए इन्हें पचाना आसान नहीं होता है।
अन्य नुकसानदायक आहार- सर्जरी के बाद आपको मैदे से बनी चीजों को सेवन बहुत कम करना चाहिए। इसके अलावा आपके खाने में तेल-मसालों की मात्रा बहुत कम होनी चाहिए। जंक फूड्स, फास्ट फूड्स, तले-छने फूड्स, शराब, सिगरेट, कोल्ड ड्रिंक्स आदि से दूर रहें। इसके अलावा चाय-कॉफी का सेवन भी बहुत ज्यादा नहीं करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें:- सलाद में कच्ची सब्जियां खाना क्यों फायदेमंद है? जानें एक्सपर्ट से
जल्दी पचने वाले कुछ आहार (Easy Digestive Foods to Eat After Surgery)
सर्जरी के बाद आपको ऐसी चीजें खाना चाहिए, जिन्हें पेट आसानी से पचा सकता है। सुपाच्य भोजन करने से आपको किसी तरह की शारीरिक परेशानी नहीं होती है और आप स्वस्थ रहते हैं। आइए आपको बताते हैं कुछ ऐसे आहार जो आसानी से पच जाते हैं।
- अरहर या मूंग की दाल को ज्यादा पानी डालकर थोड़ा पतली बनाएं और फिर इसे पिएं।
- ढेर सारी सब्जियों को डालकर वेजिटेबल सूप बनाएं। ये बहुत पौष्टिक और सुपाच्य होता है।
- मूंग की खिचड़ी को बहुत हल्की माना जाता है। इसमें थोड़ा हींग डालकर बनाएं। ये पेट के लिए बहुत फायदेमंद होती है।
- कच्ची सब्जियों को काटकर इसका सलाद बनाकर खाएं।
- सिर्फ गेंहूं के बजाय 4-5 अनाज को मिलाकर इसकी पतली रोटियां बनाएं। ये गेंहूं के आटे की अपेक्षा जल्दी पचती हैं।
- कटे हुए फलों का सलाद खाएं।
Read more articles on Healthy Diet in Hindi