
दिल की धड़कन का सामान्य से ज्यादा तेज हो जाना (Fast Heart Beat) टैकीकार्डिया का लक्षण है। कई बार तेज हृदयगति खतरनाक हो सकती है इसलिए इससे सावधान रहने की जरूरत है। जानें दिल की बढ़ी हुई धड़कन को तुरंत काबू में लाने के लिए आसान घरेलू उपाय।
दिल की धड़कन का अचानक बढ़ जाना टैकीकार्डिया (Tachycardia) का लक्षण होता है। हृदय गति (Heart Beat) के अचानक बढ़ जाना कई बार सामान्य होता है जैसे- किसी डरावनी चीज को देख लेने, खतरनाक हादसा हो जाने के बाद या कुछ अप्रत्याशित घट जाने के बाद। मगर यदि अक्सर ही आपको अपनी हृदय गति बढ़ी हुई महसूस होती है, तो ये दिल की गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है। टैकीकार्डिया का खतरा उन लोगों को ज्यादा होता है, जो शराब (एल्कोहल) या तंबाकू वाले उत्पाद जैसे- बीड़ी, सिगरेट, खैनी, हुक्का, गुटखा, पान आदि का सेवन करते हैं। इसके अलावा लंबे समय तक चाय-कॉफी पीने वाले लोगों में भी दिल की धड़कन बढ़ जाने की समस्या पाई जाती है। मगर कई बार अचानक बढ़ी हुई दिल की धड़कन किसी गंभीर बीमारी या हार्ट अटैक का पूर्व संकेत हो सकता है। इसलिए इससे सावधान रहने की जरूरत है।
क्यों खतरनाक संकेत है दिल की धड़कन बढ़ना?
- दिल की अनियमित गति (टैकीकार्डिया) इस बात का संकेत हो सकता है कि आपका दिल अस्वस्थ है और आपको जल्द ही हार्ट फेल्योर या हार्ट अटैक हो सकता है।
- ज्यादा तनाव लेने या चिंता करने के कारण बढ़ सकती है दिल की धड़कन
- बढ़ी हुई दिल की धड़कनें इस बात का भी संकेत हो सकती हैं कि आपके शरीर में खून की कमी है।
- थायरॉइड रोग होने के कारण भी दिल की धड़कनें बढ़ जाती हैं। आमतौर पर ऐसा थायरॉइड ग्लैंड के ज्यादा एक्टिव होने के कारण होता है।
- शरीर में ब्लड शुगर घटने के कारण भी दिल की धड़कनें बढ़ सकती हैं।
- अगर आप कम पानी पीते हैं या आपके शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी है, तो आपके दिल की धड़कनें बढ़ सकती हैं।

टैकीकार्डिया के लिए घरेलू उपाय
धीरे और गहरी सांसें लें
अगर तनाव या चिंता के कारण आपके दिल की धड़कन अचानक बढ़ गई है, तो सबसे पहला काम यह करें कि आप जो भी कर रहे हैं, उसे रोक दें और बैठकर या खड़े होकर धीरे-धीरे गहरी सांसें लें। इससे आपके हृदय और मस्तिष्क में ऑक्सीजन की आपूर्ति बढ़ जाएगी। ध्यान रखें इस दौरान अपने नाक से हवा खींचें और पेट तक पहुंचने दें। फिर 2 सेकंड रुकने के बाद हवा बाहर छोड़ें। 4-5 बार ऐसा करने से आपके दिल की धड़कन सामान्य हो जाएगी।
इसे भी पढ़ें:- अचानक बढ़ जाती है दिल की धड़कन तो हो सकती है ये खतरनाक बीमारी
खांसने का अभिनय करें
अगर आपके दिल की धड़कन अचानक बढ़ गई है, तो कुछ सेकंड के लिए झूठ-मूठ ही तेजी से खांसने का नाटक करें। दरअसल जब आप खांसते हैं, तो आपके सीने पर दबाव पड़ता है, जिससे दिल की धड़कन की गति अपने आप ही कम हो जाती है।
एक ग्लास ठंडा पानी पिएं
अगर आपका हृदय सामान्य से तेज धड़क रहा है, तो एक ग्लास ठंडा पानी पिएं। चूंकि डिहाइड्रेशन भी दिल की धड़कन बढ़ने का कारण है इसलिए पानी पीते ही आपके दिल की धड़कन सामान्य हो जाती है। इसके अलावा ठंडा पानी नर्व्स को शांत करता है, इसलिए अगर आपकी धड़कन गुस्से, तनाव या चिंता के कारण बढ़ी हुई है, तो आपको ठंडा पानी पीने से तुरंत आराम मिलता है।
इसे भी पढ़ें:- अचानक बढ़ी हृदय गति से होते हैं कई खतरे, इन 5 तरीकों से कर सकते हैं सामान्य
चेहरे पर ठंडे पानी का छींटा मारें
ठंडा पानी पीने के बजाय आप अपने मुंह पर ठंडे पानी का छींटा भी मार सकते हैं। इससे नर्वस सिस्टम रिफ्रेश हो जाता है और दिल की बढ़ी हुई धड़कन सामान्य हो जाती है। अगर ऐसा पहली बार हुआ है, तो आप सामान्य या थोड़े ठंडे पानी से नहा लें। इससे आपको आराम मिलेगा।
दिल की धड़कन बढ़ना कब खतरनाक?
सामान्य अवस्था में इन घरेलू उपायों को अपनाने से आपके दिल की धड़कन सामान्य हो सकती है। मगर कई बार दिल से जुड़ी किसी गंभीर बीमारी के कारण अगर आपके दिल की धड़कन बढ़ी हुई है, तो आपको कुछ अन्य लक्षण भी नजर आते हैं, जिनके दिखने पर आपको सावधान हो जाना चाहिए और जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। जैसे- दिल की धड़कन बढ़ने के साथ-साथ- पीठ-कमर में दर्द, जबड़ों में दर्द, सीने में तेज दर्द, माथे से ठंडा पसीना आना आदि।
Read more articles on Home Remedies in Hindi
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।