क्यों बढ़ रहे हैं ब्रेस्ट कैंसर के मामले? भारतीय महिलाओं में स्तन कैंसर की स्थिति पर डालें एक नजर

भारत, जहां हर 4 मिनट में एक महिला को ब्रेस्ट कैंसर होने का पता चलता है और हर 13 मिनट में एक महिला की ब्रेस्ट कैंसर से मौत हो रही है।
  • SHARE
  • FOLLOW
क्यों बढ़ रहे हैं ब्रेस्ट कैंसर के मामले? भारतीय महिलाओं में स्तन कैंसर की स्थिति पर डालें एक नजर

महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर (स्तन कैंसर) तेजी से बढ़ रही गंभीर बीमारी है। दुनियाभर में कैंसर के कारण होने वाली मौतों में सबसे ज्यादा महिलाएं ब्रेस्ट कैंसर के कारण ही मरती हैं। यही नहीं महिलाओं और पुरुषों दोनों में ही कैंसर से मौत के मामले देखें, तो ब्रेस्ट कैंसर दुनिया का दूसरा सबसे खतरनाक कैंसर है। भारत में ब्रेस्ट कैंसर (स्तन कैंसर) की स्थिति और भयावह है। आपको जानकर हैरानी होगी कि भारत में ब्रेस्ट कैंसर का पता चलने के बाद इलाज शुरू करने के बावजूद 60% से भी कम महिलाएं 5 साल (इलाज की शुरुआत के बाद) या इससे कम जी पाती हैं।

भारत में ब्रेस्ट कैंसर की स्थिति

Breast Cancer India के अनुसार भारत में भी ब्रेस्ट कैंसर महिलाओं में महामारी की तरह फैल रहा है। गांवों की अपेक्षा इस कैंसर के मामले शहरों में रहने वाली महिलाओं में ज्यादा देखने को मिले हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि भारत में हर 4 मिनट में किसी एक महिला को ब्रेस्ट कैंसर होने की पुष्टि होती है। इसी तरह हर 13 मिनट में ब्रेस्ट कैंसर के कारण एक महिला की मौत होती है। भारत में जागरूकता की कमी के कारण ज्यादातर महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर का पता 3rd या 4th स्टेज में चलता है, जिसके बाद उसका इलाज मुश्किल हो जाता है और उसकी जान बचाने की संभावना भी कम हो जाती है। भारत में कैंसर से सबसे ज्यादा मामले 30 से 50 साल की महिलाओं में पाए गए हैं।

इसे भी पढ़ें: सिर्फ गांठ नहीं, ये 6 लक्षण भी हो सकते हैं स्तन कैंसर (ब्रेस्ट कैंसर) का शुरुआती संकेत, जानें कैसे पहचानें इन्हें

कारण बहुत हैं...मगर गलतियां करके आप खतरे को बढ़ाती हैं

ब्रेस्ट कैंसर क्यों होता है? इस सवाल के जबाव में डॉक्टर आपको सैकड़ों कारण गिनवा सकते हैं। मगर रिसर्च बताती हैं कि ब्रेस्ट कैंसर के मामले गलत लाइफस्टाइल और खानपान के कारण सबसे ज्यादा बढ़े हैं। आमतौर पर ब्रेस्ट कैंसर का खतरा उन लोगों को ज्यादा होता है, जिनके खून के रिश्ते में किसी को पहले यह बीमारी रही हो। मगर इस खतरे को बढ़ाने का काम भी आपकी ही कुछ गलतियां करती हैं। आमतौर पर ब्रेस्ट कैंसर का खतरा निम्न कारणों से बढ़ता है-

  • मोटापा महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर का खतरा बढ़ाने वाली सबसे बड़ी वजह है।
  • शराब (एल्कोहल) का सेवन भी इसके खतरे को बढ़ाता है।
  • बहुत अधिक फास्ट फूड्स, जंक फूड्स अनहेल्दी फूड्स खाने से भी ब्रेस्ट कैंसर का शिकार बनने का खतरा बढ़ता है।
  • जिन महिलाओं को कोई बच्चा नहीं होता है या जिनका पहला बच्चा 35 साल की उम्र के बाद होता है, उन्हें भी ब्रेस्ट कैंसर का खतरा होता है।
  • जिन लड़कियों का मासिक धर्म 12 साल से कम उम्र में शुरू हो जाता है, उनमें भी आगे चलकर ब्रेस्ट कैंसर का खतरा सामान्य से ज्यादा होता है।
  • रेडिएशन के संपर्क में ज्यादा रहने वाली महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर का खतरा होता है।

मोटापा बढ़ेगा...तो ब्रेस्ट कैंसर का खतरा भी बढ़ेगा

ब्रेस्ट कैंसर का सबसे ज्यादा खतरा 45-50 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं को होता है। रिसर्च बताती हैं कि जिन महिलाओं का वजन ज्यादा होता है या जो मोटापे का शिकार होती हैं, उनमें ब्रेस्ट कैंसर होने का खतरा अन्य की अपेक्षा ज्यादा पाया जाता है।

मोटापा अपने आप में कई गंभीर बीमारियों का कारण बनता है। मोटापे के कारण महिलाओ का शरीर ओएस्ट्रोजेन नाम का हार्मोन ज्यादा मात्रा में बनाने लगता है। ओएस्ट्रोजेन को फीमेल हार्मोन (स्त्रीत्व का हार्मोन) कहा जाता है, क्योंकि लड़कियों के शरीर में इस हार्मोन के बनने के कारण ही उनका अंगों का विकास लड़कों से अलग होता है।

मगर जब किसी महिला के शरीर में बहुत अधिक चर्बी जमा हो जाती है, यानी वो मोटी हो जाती है, तो उसका शरीर जरूरत से ज्यादा ओएस्ट्रोजेन हार्मोन बनाने लगता है। ये अतिरिक्त हार्मोन महिला के शरीर में ब्रेस्ट सेल्स को अनियंत्रित रूप से बढ़ाने लगता है, जिसके कारण उसे कैंसर होने का खतरा बढ़ जाता है।

यहां यह जान लेना जरूरी है कि ओएस्ट्रोजेन हार्मोन सिर्फ महिलाओं में ही नहीं, बल्कि पुरुषों में भी बनता है। मगर पुरुषों में इस हार्मोन की मात्रा बहुत कम होती है, इसलिए ब्रेस्ट कैंसर पुरुषों में भी पाया जाता है, मगर इनकी संख्या कम है।

Read more articles on Cancer in Hindi

Read Next

पुरुषों को भी हो सकता है ब्रेस्‍ट कैंसर, जानें डॉक्‍टर ने कैसे बचाई एक व्‍यक्ति की जान

Disclaimer