.jpg)
आयुर्वेद में त्रिफला का इस्तेमाल कई वर्षों से किया जा रहा है। यह तीन फलों आंवला, बहेड़ा और हरड़ के मिश्रण से तैयार किया जाता है। पारंपरिक आयुर्वेदिक चिकित्सा में पेट की बीमारियों से लेकर दांतों में होने वाली परेशानियों को दूर करने तक, कई समस्याओं के इलाज के लिए त्रिफला का इस्तेमाल किया जाता है। इसके कई स्वास्थ्य लाभ हैं। इसका सेवन आप कई तरीकों से कर सकते हैं। खासतौर पर रात के समय सोने से पहले त्रिफला का सेवन करने से शरीर की कई परेशानियां दूर होती हैं। गाजियाबाद स्वर्ण जयंती के आयुर्वेदाचार्य डॉक्टर राहुल चतुर्वेदी से जानते हैं कि रात में सोने से पहले त्रिफला का सेवन कैसे करें?
रात में कैसे करें त्रिफला का सेवन? (Best Way To Take Triphala Churna at Night)
आयुर्वेदाचार्य बताते हैं कि रात में सोने से पहले त्रिफला का सेवन करने से कब्ज, एसिडिटी, खट्टी डकार जैसी परेशानी को दूर किया जा सकता है। इसका सेवन आप कई तरीकों से कर सकते हैं। आइए जानते हैं इस बारे में-
त्रिफला से धोएं जीभ, यूरिन संबंधी परेशानियां होंगी दूर
रात में सोने से पहले आधा चम्मच त्रिफला लें। अब इसे थोड़े समय के लिए जीभ पर रखें। इसके बाद गर्म पानी से कुल्ला करें। इस तरह त्रिफला का इस्तेमाल करने से यूरिन से जुड़ी परेशानी दूर हो सकती है। खासतौर पर अगर आपको रात में बार-बार पेशाब आती है, तो यह उपाय आपके लिए कारगर साबित हो सकता है।
दूध के साथ त्रिफला दिलाएगा कब्ज से राहत
रात में सोने से पहले गर्म दूध के साथ त्रिफला का सेवन करने से कब्ज की परेशानी दूर हो सकती है। यह सुबह के समय होने वाले मोशन को क्लियर करने में आपकी मदद कर सकता है। इसका सेवन करने के लिए 1 गिलास दूध के साथ लगभग 5 ग्राम त्रिफला का सेवन करें। हालांकि, ध्यान रखें कि अधिक मात्रा में त्रिफला न लें। इससे पाचन संबंधी गड़बड़ी भी हो सकती है।
ईसबगोल और त्रिफला से दूर करें कब्ज
रात में सोने से पहले ईसबगोल और त्रिफला का भी सेवन कर सकते हैं। इसके लिए 1 चम्मच त्रिफला चूर्ण में 2 चम्मच ईसबगोल मिक्स कर लें। अब इसे सोने से पहले गुनगुने पानी के साथ लें। इससे कब्ज से आराम मिल सकता है।
रात में त्रिफला चूर्ण खाने के फायदे (Top Benefits of Triphala in Hindi)
मसूड़ों की परेशानी से छुटकारा
त्रिफला में एंटीमाइक्रोबियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो मसूड़ों में होने वाली बैक्टीरियल समस्याओं को दूर करने में असरदार हो सकते हैं। अगर आपके मसूड़ों में बैक्टीरियल समस्याएं हो रही हैं, तो सोने से पहले त्रिफला चूर्ण और गर्म पानी से कुल्ला करें। इससे बैक्टीरियल समस्याएं दूर हो सकती हैं।
वजन करे कम
रात में सोने से पहले गुनगुने पानी के साथ त्रिफला चूर्ण का सेवन करने से शरीर का वजन कम हो सकता है। यह आपके पाचन संबंधी गड़बड़ी को दूर करता है। साथ ही पाचन को मजबूत करता है। इससे वजन घटने में मदद मिलती है।
कब्ज दूर और पाचन करे दुरुस्त
लंबे समय से कब्ज की परेशानियों को दूर करने के लिए त्रिफला चूर्ण का इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर आप कब्ज से जूझ रहे हैं, तो रात में सोने से पहले ईसबगोल की भूसी या फिर सेना के अर्क के साथ त्रिफला चूर्ण का सेवन करें। इससे कब्ज की समस्या दूर होगी।
त्रिफला चूर्ण स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, ध्यान रखें कि इसका सेवन करने से पहले एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।