डिलीवरी के बाद क्या नहीं खाना चाहिए? एक्सपर्ट की सलाह

By Deepak Kumar
24 Mar 2025, 17:00 IST

डिलीवरी के बाद, एक नई मां के लिए सही आहार बहुत महत्वपूर्ण होता है। सही आहार न केवल शरीर को ताकत देता है, बल्कि मां और बच्चे दोनों की सेहत के लिए भी जरूरी है।

एक्सपर्ट की मानें

आज हम आपको बताएंगे कि गर्मियों में डिलवरी होने पर महिलाओं को किन खाद्य पदार्थों से परहेज करनी चाहिए। इस बारे में हमने डायटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट दिव्या गांधी से बात की।

तला-भुना और मसालेदार खाना

डायटिशियन दिव्या गांधी के मुताबिक, तले हुए और बहुत मसालेदार खाना खाने से पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं, जिससे गैस और पेट की परेशानी हो सकती है। और इससे शरीर में गर्मी बढ़ सकती है, जो डिलीवरी के बाद शरीर के लिए ठीक नहीं है।

रेड मीट न खाएं

गर्मी के दिनों में डिलीवरी के बाद बीफ, पोर्क और रेड मीट न खाएं क्योंकि इन्हें पचाना मुश्किल होता है। ब्रेस्टफीड करा रही महिलाओं को भी इसका सेवन नहीं करना चाहिए। यह बच्चे के स्वास्थ्य को भी नुकसान पहुंचा सकता है।

प्रोसेस्ड और जंक फूड

जंक फूड जैसे पैकेट वाली चिप्स, बर्गर, पिज्जा, बिस्किट्स आदि को डिलीवरी के बाद नहीं खाना चाहिए। इन खाद्य पदार्थों में ज्यादा फैट और शुगर होते हैं, जो आपके शरीर को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

कैफीन और अल्कोहल

डिलीवरी के बाद कैफीन (चाय, कॉफी) और अल्कोहल से बचना चाहिए, क्योंकि ये दूध के उत्पादन पर नकारात्मक असर डाल सकते हैं और बच्चे के लिए भी हानिकारक हो सकते हैं।

गैस पैदा करने वाले फूड्स

बीन, गोभी, फूलगोभी, ब्रोकली, प्याज और लहसुन जैसे खाद्य पदार्थ पेट में गैस और सूजन पैदा कर सकते हैं। डायटिशियन दिव्या गांधी के अनुसार, महिलाओं को डिलीवरी के बाद इन्हें कम मात्रा में खाना चाहिए।

ठंडा और ऐसिडिक चीजें

डिलीवरी के बाद ठंडे पदार्थ जैसे आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक्स आदि से बचना चाहिए। साथ ही खट्टे फल जैसे संतरा, नींबू और अमरूद भी अधिक मात्रा में न खाएं, क्योंकि ये पेट में जलन और एसिडिटी बढ़ा सकते हैं।

ध्यान रखें अगर आपकी डिलीवरी ऑपरेशन से हुई है, तो आपको डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही अपना खानपान रखना चाहिए। सेहत से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com