गर्भवती महिलाओं को सोते समय कुछ बातों को ध्यान में रखना चाहिए, इससे मां और बच्चे दोनों की सेहत को फायदा होगा। बता दें कि गर्भावस्था में महिलाओं को बाईं ओर करवट करके सोना चाहिए। इससे किडनी और लिवर पर ज्यादा वजन नहीं पड़ता है। आइए देखें और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए-
पीठ के बल न सोएं
गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को पीठ के बल सोने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे ब्लड प्रेशर कम हो सकता है। इसके साथ ही गर्भाशय का दबाव रीढ़ की हड्डी, कमर और आंतों पर पड़ता है। इससे मसल्स पैन, क्रैंप आदि दिक्कतें हो सकती हैं।
पेट के बल न सोएं
गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को पेट के बल सोने से पूरा परहेज करना चाहिए, क्योंकि इससे गर्भाशय पर दबाव बढ़ता है और गर्भपात का कारण भी बन सकता है।
कमर दर्द से बचाव
गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को कमर दर्द होना बहुत ही आम बात होती है। ऐसे में कमर के नीचे तकिया लगाकर सोना चाहिए। वहीं, बाईं ओर करवट करके सोने से महिलाओं को सांस लेने में दिक्कत नहीं होती है।
एसिड रिफ्लक्स से कैसे बचें?
बता दें कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को एसिडिटी और एसिड रिफ्लक्स से बचने के लिए सिर के नीचे मोटे तकिये का इस्तेमाल करना चाहिए। इससे आपको काफी आराम मिलेगा।
डाइट का ख्याल
गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को पर्याप्त नींद के साथ अपनी डाइट का भी ख्याल रखना चाहिए। ऐसे में उनकी डाइट में सभी जरूरी पोषक तत्व शामिल होने चाहिए।
गर्भावस्था के दौरान सोते वक्त महिलाओं को कुछ बातों का खास ख्याल रखना चाहिए। स्वास्थ्य से जुड़ी तमाम जानकारियों के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com