Abortion के बाद क्या-क्या सावधानी बरतनी चाहिए?

By Deepak Kumar
30 Apr 2025, 11:30 IST

अबॉर्शन (गर्भपात) के बाद महिला का शरीर और मन दोनों कमजोर हो जाते हैं। इस समय खास देखभाल और सावधानी की जरूरत होती है ताकि शरीर जल्दी स्वस्थ हो सके। अबॉर्शन के बाद की जरूरी सावधानियों को लेकर हमने शारदा अस्पताल के डॉ. नीरज गोयल से बात की। तो आइए उनसे जानते हैं इस बारे में।

पर्याप्त आराम करें

अबॉर्शन के बाद शरीर और मन दोनों को आराम की जरूरत होती है। इस समय बहुत कमजोरी महसूस हो सकती है, इसलिए बहुत ज्यादा काम न करें। अच्छी नींद लें और तनाव से दूर रहें। इससे जल्दी रिकवरी होती है।

दवाएं समय पर लें

डॉक्टर द्वारा दी गई दवाएं जैसे ऐंटीबायोटिक या दर्द निवारक समय पर लेना जरूरी होता है। इससे संक्रमण नहीं होता और दर्द भी कम रहता है। कोई भी दवा मिस न करें और खुद से दवा न बदलें।

पर्याप्त पानी जरूर पिएं

अबॉर्शन के बाद शरीर में पानी की कमी हो सकती है, इसलिए दिनभर में 8-10 गिलास पानी जरूर पिएं। शरीर को हाइड्रेट रखने से कमजोरी कम होती है और संक्रमण का खतरा भी घटता है।

शारीरिक संबंध न बनाएं

अबॉर्शन के बाद योनि काफी संवेदनशील होती है। ऐसे में शारीरिक संबंध बनाने से संक्रमण का खतरा रहता है। इसलिए कम से कम 1-2 हफ्ते तक या जब तक डॉक्टर सलाह दें, तब तक संभोग से बचें।

स्वस्थ आहार लें

संतुलित और पोषक तत्वों से भरपूर भोजन करें। हरी सब्जियां, फल, दाल, सूखे मेवे और दूध जैसी चीजें खाएं। इससे शरीर में आयरन और विटामिन्स की कमी पूरी होती है और कमजोरी नहीं आती।

ज्यादा भार न उठाएं

अबॉर्शन के बाद भारी सामान उठाना या कठिन शारीरिक काम करना शरीर पर दबाव डालता है। इसलिए हल्के-फुल्के काम करें और शरीर को थकाने वाले काम न करें।

चेकअप करवाएं

गर्भपात के बाद डॉक्टर के पास फॉलो-अप चेकअप जरूरी है। इससे यह पता चलता है कि आपकी रिकवरी सही हो रही है या नहीं। किसी भी असामान्य लक्षण की जानकारी डॉक्टर को तुरंत दें।

ऊपर बताए गए टिप्स को फॉलो कर आप जल्दी रिकवर कर सकते हैं। हेल्थ से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com