नींबू स्किन केयर में बहुत उपयोगी माना जाता है। इसमें विटामिन C और साइट्रिक एसिड होता है, जो चेहरे की गहराई से सफाई करता है और ग्लोइंग स्किन पाने में मदद करता है। इसी वजह से कुछ लोग इसे मुंहासों पर लगाते हैं। लेकिन क्या ऐसा करना सही है?
डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें
इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने डी. वाई पाटिल हॉस्पिटल की डर्मेटोलॉजिस्ट डॉक्टर अस्मिता कपूर से बात की। तो आइए उनसे जानते हैं चेहरे पर मुंहासे होने पर नींबू लगाना चाहिए या नहीं।
नींबू क्यों लगाया जाता है?
नींबू में नेचुरल एंटी-बैक्टीरियल और एंटीसेप्टिक गुण होते हैं। यह विटामिन C से भरपूर होता है, जो स्किन को साफ करने और दाग-धब्बे हल्के करने में मदद करता है।
क्या सीधे नींबू लगाना सुरक्षित है?
डर्मेटोलॉजिस्ट अस्मिता कपूर के अनुसार, चेहरे पर सीधे नींबू लगाना सुरक्षित नहीं है। क्योंकि इसका पीएच लेवल बहुत अधिक अम्लीय होता है, जिससे त्वचा को नुकसान हो सकता है।
मुंहासों पर नींबू लगाने के नुकसान
नींबू सीधे मुंहासों पर लगाना नुकसानदायक हो सकता है। नींबू सीधे लगाने से त्वचा में जलन, लालिमा, सनबर्न, हाइपरपिगमेंटेशन और केमिकल बर्न जैसी समस्याएं हो सकती हैं, खासकर धूप में बाहर निकलने पर।
नींबू का सही इस्तेमाल कैसे करें?
नींबू को हमेशा किसी और चीज के साथ मिलाकर लगाएं। जैसे बेसन, मुल्तानी मिट्टी, गुलाब जल या एलोवेरा। इससे इसका असर हल्का होगा और त्वचा को फायदा मिलेगा।
कब और कितना लगाएं?
डॉक्टर अस्मिता कपूर के अनुसार, नींबू को हफ्ते में 2-3 बार से ज्यादा न लगाएं। इसका रोजाना इस्तेमाल बिल्कुल न करें।
डॉक्टर का सुझाव
डर्मेटोलॉजिस्ट के अनुसार, अगर आपको मुंहासे ज्यादा हो रहे हैं, तो घरेलू उपायों के बजाय स्किन स्पेशलिस्ट से सलाह लेना सही रहेगा।
मुंहासों पर सीधे नींबू लगाना सही नहीं है। अगर आप इसका प्रयोग करना चाहते हैं तो किसी और चीज के साथ मिलाकर ही करें। हेल्थ से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com