आंतों में मल क्यों चिपक जाता है?

By Deepak Kumar
23 Apr 2025, 12:30 IST

आंतों में मल जमना यानी आंतों में रुकावट पैदा होना। आंतों में मल चिपकने की समस्या आमतौर पर पाचन तंत्र में असंतुलन के कारण होती है। यह स्थिति पाचन तंत्र को प्रभावित करती है और समय पर इलाज न हो तो गंभीर हो सकती है।

डॉक्टर के मुताबिक

अब सवाल ये है कि आखिर आंतों में मल क्यों चिपक जाता है और इसके लक्षण क्या हैं? इस विषय पर जानकारी के लिए हमने वरिष्ठ गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉक्टर जी. हर्षवर्धन रेड्डी से बातचीत की।

फाइबर की कमी

अगर शरीर को पर्याप्त फाइबर नहीं मिलता, तो मल ज्यादा सख्त और सूखा हो सकता है। इससे मल आंतों में चिपकने लगता है और पास करना मुश्किल हो जाता है।

पानी की कमी

अगर शरीर में पानी की कमी होती है, तो मल ज्यादा गाढ़ा और सूखा हो सकता है। इससे मल आंतों में चिपक जाता है और उसे बाहर निकालना कठिन हो जाता है।

खराब आहार

तेल, मसालेदार और प्रोसेस्ड फूड का अधिक सेवन करने से पाचन तंत्र प्रभावित हो सकता है। इससे आंतों में मल चिपक सकता है, क्योंकि इन खाद्य पदार्थों से पाचन धीमा हो जाता है।

कम शारीरिक गतिविधि

अगर आप शारीरिक रूप से सक्रिय नहीं हैं, तो आंतों की गति धीमी हो सकती है, जिससे मल आंतों में चिपक सकता है। नियमित व्यायाम से पाचन तंत्र बेहतर काम करता है और मल बाहर आसानी से निकलता है।

लंबे समय तक कब्ज

अगर किसी व्यक्ति को लंबे समय तक कब्ज की समस्या रहती है, तो मल आंतों में जमा होकर चिपक सकता है। कब्ज के कारण मल ज्यादा सूखा और कठोर हो जाता है, जो उसे आंतों में चिपकने पर मजबूर करता है।

मुख्य लक्षण क्या हैं?

पेट दर्द, मतली, उल्टी, थकान, कमजोरी और मल त्याग में दर्द आम लक्षण हैं। यदि ये लक्षण बार-बार महसूस हों, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। यह आंतों में रुकावट का संकेत हो सकता है।

अगर लंबे समय से मल त्याग में दिक्कत हो रही हो तो इसे नजरअंदाज न करें और डॉक्टर की सलाह लें। सेहत से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com