Stress Ulcer क्या होता है? डॉक्टर से जानें इसके लक्षण

By Deepak Kumar
15 May 2025, 11:30 IST

भागदौड़ भरी दिनचर्या और गलत खानपान के कारण मानसिक तनाव तेजी से बढ़ रहा है। लगातार स्ट्रेस न केवल मानसिक स्वास्थ्य को, बल्कि शारीरिक अंगों को भी नुकसान पहुंचा सकता है। तो आइए सीनियर फिजिशियन डॉ. समीर से जानते हैं स्ट्रेस अल्सर और इसके लक्षणों के बारे में।

क्या होता है स्ट्रेस अल्सर?

स्ट्रेस अल्सर एक गंभीर स्थिति है, जिसमें तनाव के कारण पाचन तंत्र की दीवारों पर घाव हो जाते हैं। यह अल्सर पेट, छोटी आंत या मुंह में भी हो सकता है।

क्यों होता है स्ट्रेस अल्सर?

स्ट्रेस अल्सर सिर्फ मानसिक तनाव से नहीं, बल्कि गंभीर बीमारी, चोट, या बड़ी सर्जरी जैसी शारीरिक परेशानियों के कारण भी हो सकता है।

स्ट्रेस अल्सर के लक्षण

स्ट्रेस अल्सर होने पर पेट के ऊपरी हिस्से में जलन जैसा दर्द महसूस होता है। यह दर्द खाली पेट अधिक होता है और खाने के बाद थोड़ी राहत मिल सकती है। दर्द कभी-कभी तेज भी हो सकता है।

उल्टी और मतली

अल्सर की वजह से पेट की अंदरूनी परत में घाव हो जाता है, जिससे मतली महसूस होती है और कई बार उल्टी भी हो सकती है। यह पेट की गड़बड़ी और आंतरिक सूजन का संकेत है।

खाने के बाद पेट में तेज दर्द

अल्सर के कारण खाना खाते ही पेट में जलन या तेज दर्द शुरू हो सकता है। यह भोजन के साथ अम्ल के संपर्क में आने से होता है, जिससे अल्सर का घाव और अधिक परेशान करता है।

लाल रंग की उल्टी

अगर स्ट्रेस अल्सर से ब्लीडिंग हो रही है, तो मरीज को खून की उल्टी हो सकती है। यह उल्टी लाल या भूरे रंग की हो सकती है, जो एक गंभीर संकेत है और तुरंत इलाज की जरूरत होती है।

इलाज और सावधानियां

इलाज में दवाएं, एंटीबायोटिक्स और संक्रमण से बचाव शामिल है। मरीज को तला-भुना भोजन, शराब और धूम्रपान से दूरी बनाने की सलाह दी जाती है।

तनाव को कम करना ही स्ट्रेस अल्सर से बचाव का पहला कदम है। ध्यान, योग, सही खानपान और पर्याप्त नींद से आप इस खतरे से दूर रह सकते हैं। सेहत से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com