गर्मी में नाक से खून आना आम बात लग सकती है, लेकिन बार-बार ब्लीडिंग होना किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है। इसे नजरअंदाज करना आपकी सेहत पर भारी पड़ सकता है।
डॉक्टर से जानें
तो आइए फॉर्टिज हॉस्पिटल में ईएनटी स्पेशलिस्ट डॉक्टर गीता कथूरिया से जानते हैं नाक से ब्लीडिंग होना किन-किन बीमारियों का संकेत हो सकता है।
हाई ब्लड प्रेशर का संकेत
अगर आपका बीपी बार-बार हाई रहता है तो नाक की नसें दबाव से फट सकती हैं। हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों में नाक से खून आना एक आम लेकिन खतरनाक लक्षण हो सकता है।
लिवर से जुड़ी बीमारी
लिवर से संबंधित रोगों में भी नकसीर हो सकती है। इसमें खून के बहाव पर नियंत्रण नहीं रहता। यह बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर लिवर वाले मरीजों में अधिक देखा जाता है।
साइनस या नाक का संक्रमण
नाक या साइनस में संक्रमण होने पर अंदरूनी सूजन हो जाती है। सूजन के कारण नसें फट सकती हैं और खून बहना शुरू हो सकता है, खासकर छींकने या नाक साफ करते समय।
ल्यूकेमिया का लक्षण
बार-बार नाक से खून आना ल्यूकेमिया यानी ब्लड कैंसर का संकेत हो सकता है। यह बीमारी अस्थि मज्जा को प्रभावित करती है, जहां रक्त कोशिकाएं बनती हैं। समय पर जांच जरूरी है।
ब्लड क्लॉटिंग की समस्या
कई बार शरीर में खून का थक्का जमने में परेशानी होती है। इससे मामूली चोट या बिना कारण भी नाक से खून आ सकता है। यह गंभीर स्थिति हो सकती है।
नाक में ट्यूमर या पॉलीप्स
कभी-कभी नाक के अंदर ट्यूमर या मांस के छोटे टुकड़े (पॉलीप्स) बनने लगते हैं। ये खून की नसों पर दबाव डालते हैं और ब्लीडिंग का कारण बन सकते हैं।
अगर बार-बार ब्लीडिंग हो रही हो, खून बहुत बह रहा हो या चक्कर महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। सही जांच और इलाज जरूरी है। हेल्थ से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com