हमारे शरीर में कैल्शियम का बहुत महत्व है, क्योंकि यह हड्डियों और दांतों की मजबूती के लिए जरूरी है। इसके अलावा, यह खून में कैल्शियम के लेवल को कंट्रोल करने, मसल्स कॉन्ट्रैक्शन, नर्वस सिस्टम के फंक्शन और हार्मोनल बैलेंस में भी मदद करता है।
यदि शरीर में कैल्शियम की कमी हो जाए, तो कई लक्षण सामने आ सकते हैं। तो आइए फैमिली फिजिशियंस ऑफ इंडिया के डॉक्टर रमन कुमार से जानते हैं कि कैल्शियम की कमी के क्या-क्या लक्षण होते हैं।
दांतों की समस्याएं
कैल्शियम दांतों की मजबूती के लिए जरूरी होता है। इसकी कमी से दांत कमजोर हो सकते हैं, दांतों में कैविटी हो सकती है और दांत जल्दी टूटने या गिरने लगते हैं।
हड्डियों में दर्द और कमजोरी
कैल्शियम की कमी से हड्डियां कमजोर हो सकती हैं। इससे शरीर में दर्द और कमजोरी महसूस हो सकती है, खासकर जोड़ और हड्डियों में। यह विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों में ज्यादा देखा जाता है।
मांसपेशियों में ऐंठन
डॉ. रमन कुमार के अनुसार, कैल्शियम मांसपेशियों के अच्छे कार्य के लिए जरूरी है। कमी होने पर मांसपेशियों में ऐंठन, खिंचाव और दर्द हो सकता है। यह खासकर पैरों और हाथों में महसूस होता है।
न्यूरोलॉजिकल लक्षण
कैल्शियम की कमी से नर्वस सिस्टम पर भी असर पड़ता है। इससे हाथों और पैरों में सुन्नपन या झनझनाहट हो सकती है। कुछ मामलों में, यह सिरदर्द, चक्कर और भ्रम की स्थिति पैदा कर सकता है।
हृदय की धड़कन में असमानता
कैल्शियम के स्तर में कमी से हृदय की धड़कन असमान हो सकती है या अधिक तेज हो सकती है। इससे दिल की धड़कन पर असर पड़ सकता है और यह खतरनाक हो सकता है।
त्वचा की समस्याएं
कैल्शियम की कमी से त्वचा सूखी, खुरदुरी और फीकी पड़ सकती है। इसके अलावा, बालों का झड़ना और नाखूनों का कमजोर होना भी इस कमी का संकेत हो सकता है।
कैल्शियम की कमी को नजरअंदाज करना शरीर के लिए खतरनाक हो सकता है, इसलिए अगर आपको इनमें से कोई भी लक्षण दिखे, तो डॉक्टर से जरूर परामर्श लें। सेहत से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com