कभी आपने ध्यान दिया कि आपकी हाथों की नसें बाहर निकल रही हैं? यह एक सामान्य स्थिति हो सकती है, लेकिन कभी-कभी यह परेशानी भी बन सकती है। आइए डॉक्टर अनंत पंधारे से जानते हैं इसके पीछे क्या वजहें हैं।
वजन कम होना
अगर आपका वजन कम है, तो आपकी त्वचा पर फैट कम होता है, जिससे हाथों की नसें उभर कर दिखाई देने लगती हैं। यह किसी भी स्वास्थ्य समस्या का संकेत नहीं होता है।
एक्सरसाइज का असर
व्यायाम करते समय शरीर का तापमान बढ़ता है और रक्त का प्रवाह तेज हो जाता है। इससे हाथों की नसें उभर कर ज्यादा दिखाई दे सकती हैं। खासकर जब आप भारी वजन उठाते हैं, तो नसें और भी उभरी हुई नजर आती हैं।
उम्र का असर
जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, हमारी त्वचा पतली हो जाती है और लोच कम हो जाती है। इस कारण हाथों की नसें ज्यादा दिखाई देने लगती हैं। उम्र के साथ नसों में खून भी जमा हो सकता है, जिससे वे उभरी हुई नजर आती हैं।
जेनेटिक कारण
कुछ लोग जन्म से ही हाथों की नसों को आसानी से देख सकते हैं। यह पूरी तरह से जेनेटिक हो सकता है, यानी अगर परिवार में किसी को यह समस्या है, तो आपको भी यह हो सकता है।
फ्लेबिटिस
यह एक मेडिकल कंडीशन है जिसमें हाथों की नसों में सूजन आ जाती है। इससे नसें बाहर निकलकर दिखाई देती हैं और कभी-कभी दर्द भी हो सकता है। संक्रमण और ऑटोइम्यून बीमारियों के कारण भी यह स्थिति बन सकती है।
वैरिकाज वेन्स
वैरिकाज वेन्स वह स्थिति है जब नसों में खून जमा हो जाता है और वे उभरी हुई नजर आती हैं। यह समस्या हाथों में भी हो सकती है, हालांकि यह आमतौर पर पैरों में अधिक होती है।
क्या यह सामान्य है?
हाथों की नसें दिखना हमेशा चिंता का कारण नहीं होता। यह शरीर की सामान्य प्रक्रिया हो सकती है, लेकिन अगर इसमें दर्द हो या कोई अन्य परेशानी हो, तो डॉक्टर से सलाह लें।
अगर आपके भी हाथों की नसें दिखाई देती हैं और दर्द भी होता है तो डॉक्टर से जरूर दिखा लें। स्वास्थ्य से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com