हम सभी कभी न कभी जम्हाई लेते हैं। यह एक सामान्य शारीरिक प्रतिक्रिया है, जो अधिकतर थकान, ऊब या नींद आने पर होती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ज्यादा जम्हाई लेना शरीर में किसी समस्या का संकेत भी हो सकता है? चलिए जनरल फिजिशयन एम. के. सिंह से जानते हैं इस बारे में।
थकान और नींद की कमी
ज्यादा जम्हाई आने का कारण थकान और नींद की कमी हो सकती है। जब शरीर को आराम की जरूरत होती है, तो जम्हाई लेने की प्रक्रिया शुरू होती है और यह बताता है कि शरीर को अधिक आराम की आवश्यकता है।
डिप्रेशन
डिप्रेशन या अवसाद भी ज्यादा जम्हाई का कारण हो सकता है। अगर कोई व्यक्ति डिप्रेशन में है और उसे बार-बार जम्हाई आ रही है, तो डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी होता है। डिप्रेशन की दवाओं के कारण भी ऐसा हो सकता है।
कम ऑक्सीजन का स्तर
डॉ. एम. के. सिंह के अनुसार, जम्हाई लेने का एक और कारण शरीर में ऑक्सीजन की कमी हो सकती है। जब शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलती, तो यह प्रतिक्रिया के रूप में जम्हाई लेना शुरू कर देता है।
एंग्जाइटी या चिंता
बहुत ज्यादा टेंशन या चिंता लेने वाले लोग, दूसरों के मुकाबले ज्यादा जम्हाई लेते हैं। इसका मतलब है कि चिंता, टेंशन और एंग्जाइटी भी ज्यादा जम्हाई लेने की वजह हो सकती है।
मिर्गी
मिर्गी से पीड़ित लोग अत्यधिक जम्हाई ले सकते हैं। मिर्गी से पीड़ित लोगों को थकान के कारण अत्यधिक जम्हाई का अनुभव भी हो सकता है। इसलिए अगर आपको ज्यादा जम्हाई आ रही है, तो इसे बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें।
अन्य स्वास्थ्य समस्याएं
कभी-कभी ज्यादा जम्हाई लेना किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकता है, जैसे दिल की बीमारी, मस्तिष्क में खून का दबाव बढ़ना, या किसी न्यूरोलॉजिकल समस्या का संकेत।
डॉक्टर से लें सलाह
अगर आप कभी-कभी जम्हाई लेते हैं तो चिंता की कोई बात नहीं है। लेकिन अगर आप बिना किसी वजह के लगातार जम्हाई ले रहे हैं और आपको इसके साथ-साथ सिरदर्द, चक्कर आना या सांस लेने में तकलीफ भी हो रही है तो आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
अगर आप बहुत ज्यादा जम्हाई ले रहे हैं तो यह शरीर में इन समस्याओं का संकेत हो सकता है। सेहत से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com