मधुमक्खी के डंक मारने पर जलन, सूजन और तेज दर्द हो सकता है। ऐसे में दर्द और तकलीफ से राहत पाने के लिए आप कई प्राकृतिक उपचार आजमा सकते हैं। तो आइए जानते हैं कुछ घरेलू उपाय।
डंक को तुरंत निकालें
सबसे पहले, जिस जगह पर मधुमक्खी ने डंक मारा है, वहां ध्यान से देखें। मधुमक्खी का डंक अक्सर त्वचा में फंसा रह जाता है, जिसे तुरंत निकालना बहुत जरूरी होता है। इसे नाखून या किसी पतली चीज से स्क्रैप करके हटाया जा सकता है।
बर्फ लगाएं
डंक वाली जगह पर बर्फ का टुकड़ा या ठंडी सिकाई करने से सूजन और दर्द में राहत मिलती है। अगर बर्फ उपलब्ध न हो तो ठंडे पानी में भीगे कपड़े से भी सिकाई की जा सकती है।
बेकिंग सोडा का पेस्ट लगाएं
बेकिंग सोडा और पानी का पेस्ट काफी फायदेमंद होता है। आप एक चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट बनाएं। और इसे प्रभावित जगह पर लगाकर 10 मिनट तक छोड़ दें, फिर धो लें। इसे लगाने से जलन और सूजन में राहत मिलती है।
शहद लगाएं
शहद भी एक अच्छा प्राकृतिक उपाय है, क्योंकि इसमें एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं। बता दें कि प्रभावित जगह पर शहद लगाने से जलन कम होती है और त्वचा को आराम मिलता है।
एलोवेरा
मधुमक्खी के डंक से होने वाले दर्द से राहत पाने के लिए डंक वाली जगह पर एलोवेरा जेल लगाएं। एलोवेरा जेल ठंडक देने का काम करता है और त्वचा को जल्दी ठीक करने में मदद करता है।
प्याज या लहसुन का रस
अगर घर में प्याज या लहसुन उपलब्ध हो तो इनका रस निकालकर लगाना भी फायदेमंद होता है। प्याज और लहसुन में मौजूद प्राकृतिक तत्व दर्द और सूजन को कम करने में मदद करते हैं।
डॉक्टर के पास कब जाएं?
अगर मधुमक्खी के डंक के बाद किसी को सांस लेने में परेशानी, चक्कर आना, गले में सूजन या तेज एलर्जी जैसी समस्या हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है। कुछ लोगों को मधुमक्खी के डंक से गंभीर एलर्जी हो सकती है, जो खतरनाक हो सकती है।
इन आसान घरेलू उपायों को अपनाकर मधुमक्खी के डंक से राहत पाई जा सकती है। सेहत से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com