छुहारा किसे नहीं खाना चाहिए?

By Deepak Kumar
06 May 2025, 16:00 IST

छुहारा यानी सूखा खजूर सेहत के लिए फायदेमंद होता है, लेकिन इसकी तासीर गर्म होती है। इसलिए सभी लोग हर मौसम में इसका सेवन नहीं कर सकते। खासकर गर्मियों में इसे खाने से शरीर में गर्मी बढ़ सकती है। इसलिए जानना जरूरी है कि किन लोगों को छुहारा नहीं खाना चाहिए।

डॉक्टर से जानें

इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा से बात की। तो आइए उनसे जानते हैं किन लोगों को छुहारे से परहेज करना चाहिए।

एसिडिटी और गैस की समस्या वाले

अगर आपको अक्सर एसिडिटी, पेट में जलन या गैस की शिकायत रहती है तो छुहारा नुकसान कर सकता है। यह पेट में गर्मी बढ़ाकर खट्टी डकार और अपच जैसी दिक्कतों को और बढ़ा सकता है।

स्किन प्रॉब्लम्स वाले

अगर किसी को एक्जिमा, सोरायसिस या फोड़े-फुंसी की शिकायत रहती है, तो छुहारा नहीं खाना चाहिए। इसकी गर्म प्रकृति शरीर में अंदरूनी गर्मी बढ़ाकर स्किन कंडीशन्स को बिगाड़ सकती है।

गले की तकलीफ वाले लोग

जिन्हें बार-बार गले में खराश, जलन या छाले की समस्या होती है, उन्हें छुहारा नहीं खाना चाहिए। इसकी गर्म तासीर गले की स्थिति को और खराब कर सकती है और तकलीफ बढ़ा सकती है।

गर्भवती महिलाएं

गर्भावस्था में शरीर अधिक संवेदनशील होता है। छुहारा गर्म होता है, इसलिए बिना डॉक्टर की सलाह के गर्भवती महिलाओं को इसका सेवन नहीं करना चाहिए, खासकर गर्मियों में।

हाई मेटाबॉलिज्म वाले

जिन लोगों का मेटाबॉलिज्म बहुत तेज होता है, उनके शरीर में पहले से अधिक गर्मी बनी रहती है। ऐसे में छुहारा खाने से गर्मी का संतुलन बिगड़ सकता है और थकावट या बेचैनी हो सकती है।

गर्मियों में क्यों न खाएं छुहारा?

गर्मियों में शरीर पहले ही गर्म रहता है, ऐसे में छुहारा खाने से अतिरिक्त गर्मी बढ़ सकती है। इससे मुंह के छाले, पेट की जलन और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं।

अगर आप स्वस्थ भी हैं, तो भी छुहारे का अधिक सेवन नहीं करें। सीमित मात्रा में ही खाएं ताकि इसके फायदे बिना साइड इफेक्ट मिल सकें। सेहत से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com