जंक फूड और फास्ट फूड में क्या अंतर होता है?

By Deepak Kumar
03 Apr 2025, 13:30 IST

आजकल के लोग अक्सर जंक फूड और फास्ट फूड का सेवन करते हैं। हालांकि ये दोनों शब्द एक-दूसरे के समान लग सकते हैं, लेकिन इनमें कुछ अंतर है। चलिए डायटीशियन कामिनी कुमारी से जानते हैं इन दोनों के बीच का फर्क।

जंक फूड क्या है?

जंक फूड ऐसे खाद्य पदार्थ होते हैं जिनमें पोषण की मात्रा बहुत कम होती है और इनमें चीनी, नमक, वसा और कैलोरी बहुत अधिक मात्रा में होती है। जंक फूड में अक्सर प्रोसेस्ड और तली हुई चीजें होती हैं, जो शरीर के लिए फायदेमंद नहीं होती हैं।

जंक फूड के उदाहरण

जंक फूड की बात करें तो इसमें चिप्स, चॉकलेट, बर्गर, पैटीज, पिज्जा (जो अत्यधिक मात्रा में कैलोरी और फैट के साथ बनते हैं), कोल्ड ड्रिंक्स जैसे खाद्य पदार्थ शामिल है। इनका सेवन शरीर के लिए हानिकारक हो सकता है।

जंक फूड के फायदे

जंक फूड के फायदे की बात की जाए, तो स्वास्थ्य के लिए यह बिल्कुल भी फायदेमंद नहीं होती हैं। हालांकि, अगर आप ट्रैवल कर रहे हैं, तो इसे खाने के रूप में शामिल कर सकते हैं।

जंक फूड के नुकसान

जंक फूड में सोडियम और कार्ब्स की मात्रा काफी ज्यादा होती है, जिसकी वजह से मोटापा, डायबिटीज और हृदय रोग जैसी स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।

फास्ट फूड क्या है?

फास्ट फूड ऐसे खाद्य पदार्थ होते हैं जिन्हें कम समय में तैयार करके खाया जा सकता है। ये जल्दी बन जाते हैं और इनका स्वाद अच्छा होता है। हालांकि, फास्ट फूड हमेशा जंक फूड नहीं होता है। फास्ट फूड में कुछ ऐसे विकल्प भी होते हैं, जो पौष्टिक तत्वों से भरपूर होते हैं।

फास्ट फूड के फायदे

डायटीशियन कामिनी कुमारी के मुताबिक, दोनों की तिलना में फास्ट फूड का सेवन ज्यादा फायदेमंद है क्योंकि इसमें कुछ हद तक ताजी चीजों जैसे- हरी सब्जियां, फल, अनाज का मिश्रण होता है। वहीं, जंक फूड में ताजी चीजें बिल्कुल भी नहीं होती हैं।

फास्ट फूड के नुकसान

फास्ट फूड में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा काफी ज्यादा होती है। जिसकी वजह से आपके ब्लड में शुगर और और इंसुलिन प्रतिरोध बढ़ सकता है। साथ ही इसमें मौजूद कार्ब्स और चीनी दांतों में कैविटी का कारण बन सकते हैं।

जंक फूड और फास्ट फूड दोनों का ही सेवन कम करना चाहिए, क्योंकि इनका अत्यधिक सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। सेहत से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com