रात में कौन सी सब्जियां नहीं खानी चाहिए?

By Himadri Singh Hada
05 Mar 2025, 17:00 IST

रात के समय कुछ सब्जियों का सेवन करने से पाचन तंत्र पर बुरा असर पड़ सकता है, जिससे गैस, ब्लोटिंग और अपच की समस्या हो सकती है।

एक्सपर्ट की राय

आरोग्यं हेल्थ सेंटर के क्लिनिकल डाइटिशियन डॉ वीडी त्रिपाठी का कहना है कि रात के समय कुछ सब्जियों का सेवन करने से पेट में गैस, जकड़न, मरोड़ और ब्लोटिंग जैसी परेशानियां हो सकती हैं।

मटर

मटर में फाइबर और फ्रुक्टोज ज्यादा मात्रा में होता है, जो रात के समय पाचन क्रिया को प्रभावित कर सकता है और गैस की समस्या पैदा कर सकता है। इसलिए, इसे डिनर में खाने से बचना चाहिए।

ब्रोकली

ब्रोकली सेहत के लिए फायदेमंद होती है। लेकिन, रात में इसका सेवन करने से पेट में भारीपन, ब्लोटिंग और अपच की समस्या हो सकती है, क्योंकि इसमें मौजूद रैफिनोज पचने में अधिक समय लेता है।

गोभी

गोभी में मौजूद हाई फाइबर और रैफिनोज जैसे तत्व रात में पाचन क्रिया को धीमा कर सकते हैं, जिससे गैस और नींद न आने की समस्या हो सकती है। इसलिए, रात में गोभी की सब्जी से बचना चाहिए।

प्याज

प्याज में मौजूद फ्रुक्टेन और फाइबर गैस और ब्लोटिंग को बढ़ा सकते हैं। खासकर, रात में इसका ज्यादा सेवन करने से पेट में असहजता महसूस हो सकती है और नींद भी प्रभावित हो सकती है।

शकरकंद

शकरकंद में मौजूद हाई कार्ब्स और फाइबर रात के समय पचने में मुश्किल होते हैं, जिससे पेट भारी महसूस हो सकता है। इसलिए, रात में इसका सेवन कम मात्रा में करना चाहिए।

देर से डिनर करने के नुकसान

रात में भारी और देर से डिनर करने से पाचन तंत्र पर अधिक दबाव पड़ता है, जिससे एसिडिटी, गैस और पेट दर्द की समस्या हो सकती है।

स्वास्थ्य समस्याएं

अगर रात के समय सही आहार न लिया जाए तो पेट की समस्याओं के अलावा, मेटाबॉलिज्म भी धीमा हो सकता है, जिससे वजन बढ़ने और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।

हल्की चीजों का सेवन

रात में संतुलित और हल्का आहार लेना जरूरी है, जिससे पाचन तंत्र सुचारू रूप से काम करे और शरीर को पर्याप्त पोषण मिले। इसलिए, देर रात तली-भुनी और भारी सब्जियों से बचना चाहिए।

बेहतर पाचन और स्वास्थ्य के लिए रात में हल्की सब्जियां जैसे लौकी, तोरई, परवल या पालक का सेवन करना अच्छा रहता है, जिससे पेट भी हल्का महसूस होता है। सेहत से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com