बच्चों को नुकसान पहुंचा सकते हैं ये 10 फूड आइटम, पेरेंट्स न करें देने की गलती

By Himadri Singh Hada
11 Dec 2024, 17:30 IST

बच्चों का स्वस्थ विकास उनके खान-पान पर निर्भर करता है। ऐसी कई चीजें हैं जो बच्चों को खाना पसंद होती है, लेकिन ये उनकी सेहत के लिए हानिकारक हो सकती हैं।

एक्सपर्ट की राय

दिल्ली की डाइटिशियन, गट व हार्मोन हेल्थ कोच मनप्रीत कालरा ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट करके ऐसे ही 10 फूड आइटम की जानकारी दी है, जो बच्चों के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि बच्चों के विकास को भी प्रभावित कर सकती हैं।

चिप्स

इनमें ज्यादा नमक और तेल होता है, जो ब्लड प्रेशर बढ़ा सकता है और बच्चों में मोटापे का कारण बन सकता हैं। इसकी जगह आप बच्चों को भुनी हुई मूंगफली, बादाम या घर का बना नाश्ता दे सकते हैं।

फ्रोजन फूड

इनमें प्रिजर्वेटिव और उच्च सोडियम होता है, जो हृदय रोगों का खतरा बढ़ा सकता है। इसके बजाय आप बच्चों को ताजी सब्जियां, फल या घर का बना भोजन खिला सकते हैं।

कार्बोनेटेड ड्रिंक

इनमें उच्च मात्रा में चीनी होती है, जो बच्चों में मोटापे, दांत खराब होना और टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ा सकती है। इसकी जगह बच्चों को दूध, फलों का जूस देना फायदेमंद होता है।

कैफीनेटेड ड्रिंक

कैफीन बच्चों की नींद को बाधित कर सकता है। इन ड्रिंक्स के सेवन से कई गंभीर बीमारियां होने का खतरा भी बढ़ सकता है। इसकी जगह हर्बल चाय पिलाना बेहतरीन विकल्प है।

प्रोसेस्ड मीट

प्रोसेस्ड मीट जैसे कि सॉसेज, हॉट डॉग और सलामी को बनाने के लिए कई तरह के केमिकल मिलाए जाते हैं। इसका सेवन करने से बच्चों को हार्मोनल हेल्थ से जुड़ी बीमारियां हो सकती है।

ब्रेकफास्ट सीरियल्स

कॉर्न फ्लेक्स, ओट्स और बाजार में मिलने वाले अधिकांश ब्रेकफास्ट सीरियल्स में उच्च मात्रा में चीनी और कम फाइबर होता है। इन चीजों का सेवन करने से बच्चों को कई समस्याएं हो सकती हैं।

कच्चे अंडे

वैसे तो, अंडे बच्चों की सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। लेकिन, अधपके या कच्चे अंडे खाने से बच्चों की सेहत पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। इससे संक्रमण का खतरा भी बढ़ सकता है।

मैदा

बाजार में मिलने वाली जलेबी, भटूरे, बर्गर, पिज्जा जैसी चीजों को बनाने के लिए मैदा का इस्तेमाल किया जाता है। मैदा खाने से बच्चों में डायबिटीज और मोटापे का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा मैदा को पचाना भी मुश्किल होता है, जिसकी वजह से कब्ज की समस्या भी हो सकती है।

डाइट सोडा

इनमें आर्टिफिशियल स्वीटनर होते हैं, जिससे डायबिटीज और मोटापे की संभावना काफी हद तक बढ़ सकती है। ये चीजें गट प्रॉब्लम को भी बढ़ा सकती हैं।

बच्चों के लिए इन चीजों को पचाना मुश्किल होता है इसलिए पेरेंट्स बच्चों को इन चीजों से दूर रखें। आप पूरी तरह से इन चीजों को बच्चों से दूर नहीं कर सकते हैं। लेकिन, इसे कम से कम मात्रा में ही देने की कोशिश करें। सेहत से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com