गर्मी के मौसम में कई लोगों को परेशानी होती है। इस साल तापमान लगातार बढ़ रहा है और लू चलने लगी है, जिससे डायरिया, सिरदर्द, पेट दर्द और चक्कर जैसी समस्याएं हो रही हैं। तेज धूप में बाहर निकलना हीट स्ट्रोक का कारण बन सकता है।
डॉक्टर की सलाह
रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा के अनुसार, कुछ आसान उपाय अपनाकर लू से बचा जा सकता है और सेहत को सुरक्षित रखा जा सकता है। तो आइए जानते हैं गर्मियों में लू से बचाने वाली चीजों के बारे में।
कॉटन के कपड़े पहनें
गर्मी में कॉटन के हल्के और सांस लेने वाले कपड़े पहनना सबसे सही होता है। इससे पसीना जल्दी सूखता है और शरीर ठंडा रहता है, जिससे लू लगने का खतरा कम होता है।
कच्चा प्याज खाएं
डॉक्टर श्रेय शर्मा के अनुसार, कच्चे प्याज का सेवन शरीर को अंदर से ठंडक देता है। प्याज सलाद, सत्तू या लस्सी के साथ लें। यह इम्यूनिटी भी बढ़ाता है और लू से बचाव में कारगर होता है।
मसालेदार खाना छोड़ें
आपको बता दें कि तेज गर्मी में तीखा और मसालेदार खाना शरीर की गर्मी को बढ़ा सकता है। ऐसे समय में हल्का और सुपाच्य भोजन लें, जिससे शरीर पर ज्यादा गर्मी का असर न हो।
खूब पानी पिएं
दरअसल, गर्मी में शरीर से ज्यादा पसीना निकलता है। इससे डिहाइड्रेशन हो सकता है। ऐसे में दिनभर में पर्याप्त पानी और नींबू पानी, नारियल पानी जैसे तरल पदार्थ लेना जरूरी है।
दोपहर में बाहर न निकलें
दोपहर 12 से 3 बजे के बीच तेज धूप में बाहर जाने से बचें। इस समय लू चलने का खतरा सबसे अधिक होता है, जिससे हीट स्ट्रोक हो सकता है। अगर बाहर जाना जरूरी हो, तो सिर पर टोपी या गमछा और आंखों पर चश्मा लगाएं।
मौसमी फल खाएं
तरबूज, खरबूजा और बेल जैसे गर्मियों के फल शरीर में पानी की मात्रा बनाए रखते हैं। ये फल लू से बचाने में सहायक होते हैं और शरीर को ठंडा रखते हैं।
इन उपायों को अपनाकर आप गर्मियों में लू लगने के खतरे से बच सकते हैं और अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं। सेहत से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com