
प्रेगनेंसी के दौरान खानपान का विशेष ख्याल रखना पड़ता है क्योंकि कई चीजें जो सामान्य दिनों में हेल्दी होती हैं, गर्भावस्था के दौरान नुकसानदायक हो सकती हैं। गलत खानपान से कई बार छोटी-मोटी तकलीफ होती है, तो कई बार गंभीर समस्याएं झेलनी पड़ सकती हैं। इसके अलावा कुछ मामलों में तो खानपान की छोटी सी गलती गर्भपात, शिशु की मानसिक या शारीरिक कमजोरी का भी कारण बन सकती है। इसलिए प्रेगनेंसी के दौरान खानपान के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतनी बहुत जरूरी है। आमतौर पर सब्जियों को सेहत के लिए बहुत हेल्दी माना जाता है। लेकिन कुछ सब्जियां ऐसी भी हैं, जिनका सेवन प्रेगनेंसी के दौरान खतरनाक माना जाता है। हम आपको बता रहे हैं ऐसी ही 5 सब्जियां, जिनका सेवन आपको प्रेगनेंसी के दौरान कम से कम करना चाहिए या नहीं करना चाहिए।
बैंगन
बैंगन को वैसे तो काफी हेल्दी सब्जी माना जाता है क्योंकि इसमें पोषक तत्वों की मात्रा भी अच्छी होती है और फाइबर भी अच्छा होता है। लेकिन प्रेगनेंसी के दौरान बैंगन का सेवन बहुत कम करना चाहिए या संभव हो तो नहीं करना चाहिए। बैंगन में साइटोहार्मोन्स होते हैं जो पीरियड लाने में मदद करते हैं, जिसके कारण प्रेगनेंसी में बैंगन खाना महिला के लिए सेफ नहीं है। इसके अलावा बैंगन खाने से एलर्जी संबंधी समस्याएं हो सकती हैं, जिससे खुजली, डायरिया, हाइव्स, पेट में दर्द आदि की समस्या हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: क्या प्रेग्नेंसी के दौरान नींबू-पानी पीना खतरनाक है? जानें गर्भावस्था में नींबू खाना चाहिए या नहीं
पत्ता गोभी
पत्तागोभी का सेवन भी प्रेगनेंसी में कई बार नुकसानदायक हो सकता है। आमतौर पर पत्तागोभी में कोई समस्या नहीं है और इसे खाने से कई पोषक तत्व भी मिलते हैं। लेकिन पत्तेदार सब्जियों को कीड़े बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं, इसलिए अक्सर इन्हें उगाने में ढेर सारे कीटनाशकों का प्रयोग किया जाता है। कुछ कीटनाशक इतने खतरनाक होते हैं कि पत्तों को धोने और पकाने के बाद भी उनमें मौजूद केमिकल्स का असर नहीं जाता है। सामान्य स्थिति में तो इसके ज्यादा दुष्प्रभाव नहीं दिखते, लेकिन प्रेगनेंसी में ऐसा पत्तागोभी नुकसानदायक हो सकता है। इसके अलावा बरसात के मौसम में तो किसी भी तरह की पत्तेदार सब्जी और पत्तागोभी का सेवन नहीं करना चाहिए या बहुत सावधानी से करना चाहिए।
करेला
करेला एक बहुत हेल्दी सब्जी है, जिसे खाने से ढेर सारे लाभ मिलते हैं। प्रेगनेंसी में आप थोड़ा करेला खा सकती हैं। लेकिन करेले का ज्यादा सेवन आपको प्रेगनेंसी के दौरान परेशान कर सकता है। करेले में quinine, momordica and glycosides जैसे कई तत्व होते हैं, जो शरीर में जाकर हल्का जहरीला प्रभाव छोड़ सकते हैं, जिसके कारण कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं, जेसे- पेट में दर्द, शरीर में दर्द, थकान, थूक ज्यादा बनना, धुंधला दिखना आदि। आप थोड़ी मात्रा में करेला खा सकती हैं, लेकिन इसके बीज जरूर निकाल दें क्योंकि बीज बहुत नुकसानदायक हो सकते हैं।
अदरक
अदरक खाना प्रेगनेंसी में फायदेमंद माना जाता है क्योंकि ये मिचली और मॉर्निंग सिकनेस को खत्म करता है साथ ही इम्यूनिटी बढ़ाता है और इंफेक्शन से बचाता है। लेकिन प्रेगनेंसी में अदरक सीमित मात्रा में खाना चाहिए क्योंकि ज्यादा खाने से महिला को गर्भपात भी हो सकता है। आयुर्वेद के अनुसार पहले 3-4 महीने तो अदरक का सेवन न ही करें, तो ज्यादा अच्छा है।
इसे भी पढ़ें: क्या प्रेग्नेंसी के दौरान च्यवनप्राश खाया जा सकता है? क्या गर्भावस्था में च्यवनप्राश खाने के नुकसान होते हैं?
पपीता
पपीते का सेवन हम फल के रूप में भी करते हैं और कच्चे पपीते की सब्जी भी बनाई जाती है। प्रेगनेंसी के दौरान पपीते का सेवन नहीं करना चाहिए, खासकर कच्चा पपीता या इसकी सब्जी तो बिल्कुल नहीं खाना चाहिए क्योंकि पपीते में मौजूद कुछ तत्व गर्भाशय में संकुचन पैदा कर सकते हैं, जिससे परेशानी हो सकती है। इसलिए गर्भवती हैं, तो पपीता न खाएं।
प्रेगनेंसी में खाने-पीने का ख्याल रखें। जिन चीजों के बारे में थोड़ा संदेह या संशय है, उसके बारे में अपने डॉक्टर से पूछकर ही खाएं।
Read More Articles on Women's Health in Hindi