खानपान का सबसे ज्यादा असर हमारे शरीर पर पड़ता है, यदि हम पौष्टिक खाते हैं तो हम फिट और बीमारियों से बच सकते हैं। लेकिन यदि हम खाने में अनियमितता बरतेंगे तो वजन तो बढ़ेगा ही साथ ही कई बीमारियां भी हमें अपना शिकार बना लेंगी।
शरीर में अतिरिक्त चर्बी जमा होने के लिए खानपान ही जिम्मेदार है। यदि आपके शरीर में अतिरिक्त चर्बी है तो इसके कारण - हाई ब्लड प्रेशर, कैंसर, अल्सर, डायबिटीज, हाई कोलेस्ट्रॉल, दिल की बीमारियां, त्वचा की समस्यायें, इंफर्टिलिटी, बैक पेन जैसी खतरनाक बीमारियां हो सकती हैं।
इसलिए शरीर से अतिरिक्त चर्बी को कम करने की बहूत जरूरत है। इस लेख में हम आपको कुछ आहार के बारे में जानकारी दे रहे हैं जिनको डिनर में शामिल करके आप आसानी से अपने शरीर से अतिरिक्त चर्बी को कम कर सकते हैं।
बीन्स
डिनर में बीन्स शामिल कीजिए, इससे शरीर में जमा अतिरिक्त वसा कम होती है। बीन्स कम वसा तथा ग्लाइसिमिक इण्डेक्स वाली और भरपूर रेशे तथा प्रोटीन युक्त होती हैं। यह शाकाहारियों के लिये प्रोटीन का सबसे बढ़िया स्रोत है। इसके अलावा यह वसा को जलाने के लिए सबसे बढ़िया भोज्य पदार्थ है क्योंकि यह वसीय अम्लों को मुक्त करने और खाने को आसानी से पचाने के लिए वातावरण निर्मित करता है।
अण्डे
संडे हो या मंडे, रोज खाओ अंडे, भले ही यह कहावत पुरानी हो गई है, लेकिन स्वास्थ्य के लिए यह हमेशा ही नयी रहेगी। अंडा को ब्रेकफास्ट में शामिल करने से दिमाग तेज होता है और दिन भर शरीर में ऊर्जा का संचार होता है, लेकिन क्या आपको पता है इसे डिनर में खाने से शरीर में जमा अतिरिक्त वसा का ह्रास भी होता है। इसके अन्दर उपस्थति जर्दी वसा तथा कैलोरी को जलाती है। यह बहत ही पोषण युक्त है और कोलेस्ट्रॉल की मात्रा को कम प्रभावित करता है। इसके अलावा अण्डे वसीय अम्लों तथा प्रोटीन से भरपूर होते हैं जो वसा को जलाने में मदद करते हैं।
दुग्ध उत्पाद
शरीर से वसा कम करने के लिए कैल्शियम बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। डेयरी उत्पादों में सबसे अधिक मात्रा में कैल्शियम मौजूद होता है। आपने कैल्शियम द्वारा हड्डियों और दांतों को मजबूत होने के बारे में सुना होगा, लेकिन आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि कैल्शियम भूख की कसक को भी कम करता है। डेयरी उत्पादों और अन्य कैल्शियम युक्त पदार्थों के सेवन से शरीर में वसा कम मात्रा में होती है और भूख पर नियन्त्रण भी होता है। अगर आप अपने शरीर की चर्बी को कम करना चाहते हैं तो कैल्शियम युक्त दुग्ध उत्पादों का सेवन अधिक करें।
मछली
मछली को भी डिनर में शामिल कर सकते हैं, इसमें मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड शरीर से अतिरिक्त चर्बी को कम करने में मदद करता है। लेकिन अन्य मछली की तुलना में समुद्री मछली में ओमेगा-3 फैटी एसिड अधिक होता है, इसलिए समुद्री मछली का सेवन अधिक करना चाहिए। इसमें प्रोटीन भी अधिक मात्रा में होता है जो शरीर के लिए बहुत जरूरी है। इसलिए आज से ही अपने डिनर में सालमन को शामिल कीजिए।
एवोकैडो
ऐसा माना जाता है कि यदि आप जवान रहना चाहते हैं तो एवोकैडो का सेवन जरूर कीजिए। यह मेटाबॉलिज्म को तेज करता है, इसलिए इसे खाने से शरीर से अतिरिक्त वसा जलती है। इसके अलावा इमसें विटामिन-ई भरपूर मात्रा में होता है और इसमें एंटी-ऑक्सीडेंट्स भी होते हैं जो त्वचा की सुरक्षा करते हैं।
ग्रीन टी
एंटी-ऑक्सीडेन्ट युक्त ग्रीन टी का सेवन डिनर या डिनर के बाद कर सकते हैं। ग्रीन टी में एंटी कैंसर तथा कोलेस्ट्रॉल को नियन्त्रित करने के गुण होते हैं। यह मेटाबॉलिज्म को ठीक करता है।
मिर्च
मिर्च के सेवन से वसा तथा कैलोरी दोनों ही बहुत तेजी से कम होती हैं। इसमें मौजूद कैप्सेसिन स्ट्रेस हार्मोन को स्रावित करके के शरीर को थोड़े समय के लिए प्रेरित करता है। इस प्रक्रिया से व्यक्ति का मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है और शरीर से वसा कम होती है।
इसके अलावा वसा कम करने के लिए ढेर सारा पानी पीना चाहिए, यह बीमारियों से बचाता है वजन कम करने में मदद करता है। डिनर को सोने से दो घंटे पहले कर लेना चाहिए, इससे खाना अच्छे से पच जाता है।