
सर्दियों में पेशाब जल्दी-जल्दी लगती है। पेशाब जाने के डर से कुछ लोग पानी पीना कम कर देते हैं।
सर्दियों में पेशाब जल्दी-जल्दी लगती है। पेशाब जाने के डर से कुछ लोग पानी पीना कम कर देते हैं। लेकिन कम पानी पीने से शरीर को कई गंभीर बीमारियों का खतरा होता है। इन्हीं में से एक गु्र्दे का संक्रमण है। आजकल ज्यादातर लोगों को किडनी में पथरी की समस्या हो रही है, जिसका कारण आजकल की जीवनशैली और चीजों में मिलावट है। किडनी या गुर्दा शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग है। ये खून में मौजूद पानी और जहरीले पदार्थों को अलग करता है। इसके अलावा किडनी शरीर में पानी का संतुलन, अम्ल और क्षार का संतुलन, ब्लड प्रेशर पर कंट्रोल, सोडियम और पोटैशियम की मात्रा में नियंत्रण बनाए रखता है।
कम पानी पीना हो सकती है वजह
किडनी हमारे शरीर में मिनरल्स और फ्लुइड्स का संतुलन बनाने में मदद करती है। इनका संतुलन बिगड़ने से या कई बार मिलावटी सामान के जरिए अपशिष्ट पदार्थों के सेवन से गुर्दे में समस्या हो जाती है। हमारे शरीर के मिनरल्स और साल्ट्स मूत्र में घुलकर मूत्र मार्ग से ही हमारे शरीर से बाहर निकलते हैं। कम पानी पीने से मूत्र भी कम बनता है और यही इस प्रकार की गंभीर बीमारियों का कारण है।
इसे भी पढ़ें : लिवर की हर समस्या से छुटकारा दिलाते हैं ये घरेलू नुस्खे
मूत्र कम बनता है तो कम मूत्र में ही मिनरल्स और साल्ट्स घुलते हैं, जिससे मूत्र गाढ़ा हो जाता है और इसका रंग भी गहरा हो जाता है। गाढ़े मूत्र में कई बार पूरा साल्ट नहीं निकल पाता है इसलिए वो धीरे-धीरे जमता रहता है। यही साल्ट इक्ट्ठा होकर पथरी का रूप ले लेता है। यही कारण है कि ज्यादा पानी पीने या तरल पदार्थ पीने से पथरी का खतरा कम हो जाता है। कम पानी पीने से गुर्दे की समस्या के अलावा कई और समस्याएं हो सकती हैं। शरीर में पानी की कमी से डिहाइड्रेशन और हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियां भी हो सकती हैं। इसके अलावा महिलाओं में कम पानी पीने से यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन भी हो सकता है।
कितना पानी पियें
हर व्यक्ति के शरीर की अलग-अलग जरूरतें होती हैं इसलिए पानी की जरूरत भी व्यक्ति के हिसाब से बदलती रहती है। औसतन एक व्यक्ति को एक दिन में तीन से चार लीटर पानी पीना चाहिए। लेकिन डॉक्टर किसी-किसी को इससे ज्यादा पानी पीने की भी सलाह देते हैं। अगर पथरी की शिकायत है तो रोगी को कम से कम इतना पानी तो पीना ही चाहिए कि उसके शरीर से रोज 2.5 लीटर मूत्र निकल सके। शारीरिक मेहनत करने वाले लोगों के शरीर को पानी की जरूरत ज्यादा होती है। पानी की मात्रा के संदर्भ में एक बार अपने चिकित्सक से भी पूछ लें।
पानी पीने के फायदे
पानी शरीर की मूलभूत जरूरत है। शरीर को मेटाबॉलिज्म और डाइजेशन के लिए भी पानी की जरूरत पड़ती है। इसके अलावा पानी पीने से त्वचा की चमक बरकरार रहती है। पानी ज्यादा पीने से झुर्रियों का असर देर से होता है और आप पर उम्र का असर धीरे-धीरे आता है। कई लोगों में कम पानी पीना भी मोटापे की वजह होती है। शरीर में अगर पानी उचित मात्रा में होगा, तो आपका पाचन भी ठीक रहेगा। इसलिए अपने शरीर की जरूरत को समझें, शरीर में पानी की मात्रा ठीक रखें और स्वस्थ रहें।
ऐसे अन्य स्टोरीज के लिए डाउनलोड करें: ओनलीमायहेल्थ ऐप
Read More Articles On Kidney Problems In Hindi
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।