शारीरिक व्यायाम से आपका शरीर फिट रहता है, साथ ही आप सेहतमंद भी रहते हैं। व्यायाम करने का मकसद अलग-अलग हो सकता है। कोई शरीर से अतिरिक्त चर्बी कम करने के लिए तो कोई स्वस्थ रहने और सुड़ोल शरीर पाने के लिए व्यायाम करता है। इस लेख में हम आपको बता रहे हैं फिटनेस पाने के लिए कुछ आदर्श व्यायाम।
फिजिकल फिटनेस के लिए नियमित योग और व्यायाम जरूरी है। व्यायाम से मांसपेशियां मजबूत होती हैं और हृदय प्रणाली ठीक रहती हैं। नियमित व्यायाम से शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत होने के साथ ही हृदय रोग, टाइप 2 डायबिटीज और मोटापे की समस्या भी कम होती है। व्यायाम करने से मानसिक स्वास्थ्य में सुधार होता है और तनाव का स्तर कम रहता है।
खुद को फिट रखने और वजन कम करने के लिए आप कई तरह के व्यायाम कर सकते हैं। रोज सुबह जॉगिंग और जिम करें। चाहे तो आप एरोबिक्स या डांसिंग भी कर सकते हैं। हम आपको बता रहे हैं फिटनेस पाने के लिए कुछ ऐसे ही व्यायाम।
फिट रहने में सहायक है एरोबिक्स
शरीरिक रूप से फिट रहने के लिए योगासन के साथ ही कई तरह के व्यायाम किए जा सकते हैं, लेकिन एरोबिक्स ऐसी एक्सरसाइज है जो आपको खुश और फिट दोनों रखती है। इससे एक तरफ आपका मनोरंजन होता है, दूसरी तरफ शरीर से चर्बी कम होती है। एरोबिक्स एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि आप शरीर को फिट रखना चाहते हैं तो सुबह के समय एक घंटे एरोबिक्स जरूर करनी चाहिए।
टॉप स्टोरीज़
स्ट्रेचिंग करें
स्ट्रेचिंग से वर्कआउट की शुरुआत करना हमेशा फायदेमंद है, इससे शरीर लचीला बनता है। इससे एक्सरसाइज के दौरान मांसपेशियों पर अधिक तनाव नहीं पड़ता। स्ट्रेचिंग करने के बाद आपका शरीर वार्म अप हो जाता है और लचीला भी बना रहता है। स्ट्रेचिंग करने के लिए पहले सीधे खड़े होकर दोनों हाथों को ऊपर की ओर करें और शरीर को खीचें, फिर हाथों को नीचे लाएं व पंजे छूने का प्रयास करें। अब सामान्य मुद्रा में आएं दोनों पैरों के बीच गैप देकर खड़े हो और बाएं पैर को दाएं हाथ से व दाएं पैर को बाएं हाथ से छूने की कोशिश करें।
रोज करें पुशअप्स
पुशअप्स करने से आपकी छाती और फेफड़े मजबूत बनते हैं और शरीर का आकार भा अच्छा बना रहता है। पुशअप्स करने के लिए जमीन पर चटाई बिछा लें और पेट के बल सीधा लेट जाएं। अब दोनों हथेलियों को कंधों के समानांतर जमीन पर रखें, शरीर को हथेलियों व पंजों के बल उठाएं और फिर नीचे आ जाएं। 30 से 60 सेकेंड तक पुशअप्स करें। पुशअप्स करते समय अपनी क्षमता का ध्यान रखें।
रोलिंग तकनीक की मदद लें
रोलिंग तकनीक शरीर को ढीला करने में मददगार होती है। फोम रोलर्स तकनीक सस्ती है, इसे आप आसानी से उपयोग भी कर सकते हैं। नियमित रूप से फोम रोलर से व्यायाम आपको ज्यादा लचीला बनाने में मददगार साबित होगा। शरीर लचीला रहने से आपको रोग कम होंगे और शरीरिक परेशानियां भी नहीं होंगी।
हैंड स्टैंड है लाजवाब
हैंड स्टैंड शरीर के रक्त संचार को बढ़ाता है। यह शीर्षासन जैसी कसरत है। लेकिन ध्यान रहे कि इसे सिर्फ वहीं लोग करें जो व्यायाम रोज करते हो और ब्लड प्रेशर के रोगी न हो। हैंड स्टैंड करने के लिए दोनों हाथों को जमीन पर रखें और इनपर भार देकर दीवार के सहारे उल्टा खड़े हो। एडियों को दीवार से टिकाएं और 30 से 60 सेकंड बाद सामान्य अवस्था में आ जाएं।
फ्री स्क्वैट्स करें
फ्री स्क्वैट्स आपकी कमर घुटनों और पैर की मांसपेशियों के लिए बहुत लाभकारी होती है। इसे करने के लिए सीधे खड़े हो और पैरों के बीच में थोड़ा गैप रखें। दोनों हाथों को उठाएं और अपने कंधों के सामने ले आएं। अब घुटनों पर हल्का भार देते हुए ठीक उसी तरह बैठने का प्रयास करें जैसे कुर्सी पर बैठते हैं। कमर सीधी रखें। फिर सीधे खड़े हो जाएं। 30 से 60 सेकंड तक इस प्रक्रिया को दोहराएं।
पोस्ट एक्सरसाइज करना न भूलें
जैसा कि इसके नाम से ही जाहिर है, पोस्ट एक्सरसाइज व्यायाम करने के बाद की जाती है। अगर आप रनर या साइकलिस्ट हैं तो आपके लिए पोस्ट एक्सरसाइज करना जरूरी है। पोस्ट एक्सरसाइज जोड़ों को टाइट बनाती है। कसरत के बाद कुछ मिनट की पोस्ट एक्सरसाइज आपकी बॉडी को लचीला बनाती है।
ध्यान रहे अपने लिए कोई भी एक्सरसाइज चुनने से पहले किसी एक्सपर्ट से जरूर सलाह लें। कोई एक्सरसाइज कितनी की जाएं या नहीं की जाएं, यह आपकी शरीरिक स्थिति पर निर्भर करता है।