दही भारतीय भोजन का अहम हिस्सा माना जाता है। इसमें तमाम ऐसे पोषक तत्व होते हैं, जो इनसान के शरीर को कई प्रकार की बीमारियों से बचाने में मददगार होते है। यह सेहत और सूरत दोनों संवारने में काफी मददगार होता है। दही का प्रयोग हर घर में होता है। लेकिन क्या आपको पता है दही में कई प्रकार के पौष्टिक तत्व मौजूद होते हैं जिनको खाने से शरीर को फायदा होता है। दही में कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन पाया जाता है। दूध के मुकाबले दही सेहत के लिए ज्यादा फायदा करता है। क्योंकि दूध में मिलने वाला फैट और चिकनाई शरीर को एक उम्र के बाद नुकसान पहुंचाता है। इस के मुकाबले दही से मिलने वाला फास्फोरस और विटामिन डी शरीर के लिए लाभकारी होता है। दही में दूध की अपेक्षा ज्यादा मात्रा में कैल्शियम होता है। इसके अलावा दही में प्रोटीन, लैक्टोज, आयरन, फास्फोरस पाया जाता है। आइए हम आपको बताते हैं कि दही आपके शरीर के लिए कितना फायदेमंद है।
हड्डियों के लिए फायदेमंद
दही कैल्शियम भरपूर मात्रा में पाया जाता है जो कि हड्डियों के लिए बहुत फायदेमंद होता है। दही खाने से दांत भी मजबूत होते हैं। दही ऑस्टियोपोरोसिस (जोडों की बीमारी) जैसी बीमारी से लड़ने में भी मददगार होती है।
टाइप 2 डायबिटीज का खतरा कम करें
डायबिटोलॉजिया जर्नल में प्रकाशित शोध की मानें तो दही के नियमित सेवन से डायबिटीज टाइप 2 का खतरा 28 प्रतिशत तक कम हो जाता है। यूनिवर्सिटी ऑफ कैंब्रिज के मेडिकल रिसर्च काउंसिल युनिट की वैज्ञानिक डॉ. नीता फोरौही के अनुसार, दही में प्रोटीन, विटामिन, कैल्शियम और सैचुरेटेड फैट्स अच्छी मात्रा में होते हैं जो डायबिटीज टाइप 2 से दूर रखने में आपकी मदद करते हैं। इसलिए अगर आप डायबिटीज से परेशान है तो अपने आहार में दही को शामिल करें।
पेट के लिए रामबाण है दही
दही पेट के लिए बहुत फायदेमंद होता है। पेट की बीमारी से परेशान लोगों को अपने आहार में दही को प्रचूर मात्रा में शामिल करना चाहिए। पेट में जब अच्छे किस्म के बैक्टीरिया की कमी हो जाती है, जिसके चलते भूख न लगने जैसी तमाम बीमारियां पैदा हो जाती हैं। इस स्थिति में दही सबसे अच्छा भोजन बन जाता है। इसमें अच्छे बैक्टीरिया पाये जाते हैं जो पेट की बीमारी को ठीक करते हैं। यह इन तत्वों को हजम करने में मदद करता है। दही में अजवाइन मिलाकर पीने से कब्ज की शिकायत समाप्त होती है।
त्वचा के लिए गुणकारी
चेहरे पर दही लगाने से त्वचा मुलायम होती है और त्वचा में निखार आता है। दही से चेहरे की मसाज की जाये तो यह ब्लीच के जैसा काम करता है। गर्मियों में त्वचा पर सनबर्न की समस्या को दूर करने के लिए दही मलना चाहिए, इससे सनबर्न और टैन में फायदा मिलता है। इसके अलावा त्वचा का रूखापन दूर करने के लिए दही का प्रयोग करना चाहिए। जैतून के तेल और नींबू के रस के साथ दही का चेहरे पर लगाने से चेहरे का रूखापन समाप्त होता है।
अन्य लाभ
- लू से बचने के लिए दही का प्रयोग किया जाता है। लू लगने पर दही पीना चाहिए।
- दही पीने से पाचन क्षमता बढती है और भूख भी अच्छे से लगती है।
- सर्दी और खांसी के कारण सांस की नली में इन्फेक्शन हो जाता है। इस इंफेक्शन से बचने के लिए दही का प्रयोग करना चाहिए।
- मुंह के छालों के लिए यह बहुत ही अच्छा घरेलू नुस्खा है। मुंह में छाले होने पर दही से कुल्ला करने पर छाले समाप्त हो जाते हैं।
- दही के सेवन से हार्ट में होने वाले कोरोनरी आर्टरी रोग से बचाव किया जा सकता है। दही के नियमित सेवन से शरीर में कोलेस्ट्रोल को कम किया जा सकता है।
गर्मी के मौसम में दही और उससे बनी छाछ का ज्यादा मात्रा में प्रयोग किया जाता है। क्योंकि छाछ और लस्सी पीने से पेट की गर्मी शांत होती है। दही का रोजाना सेवन करने से शरीर की बीमारियों से लडने की क्षमता बढती है।
Image Courtesy : Getty Images & idiva.com
Read More Articles on Home Remedies in Hindi
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version