पेशाब से बदबू आना गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकता है, जिसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह डिहाइड्रेशन के अलावा गंभीर बीमारियों के लक्षण हो सकते हैं।
एक्सपर्ट की राय
इस विषय पर हमने फैमिली फिजिशियंस ऑफ इंडिया के डॉक्टर रमन कुमार से बात की है। आइए जानते हैं पेशाब से बदबू आना किन बीमारियों का संकेत होता है?
यूटीआई इन्फेक्शन
महिलाओं में यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) होने का खतरा ज्यादा होता है। इस स्थिति में पेशाब के दौरान जलन, दर्द और कभी-कभी खून निकलने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। संक्रमण बढ़ने पर पेशाब से दुर्गंध आ सकती है।
बैक्टीरियल वेजिनोसिस
बैक्टीरियल वेजिनोसिस एक आम संक्रमण है, जो वजाइना में बैक्टीरिया के असंतुलन या यौन संचारित संक्रमण के कारण होता है। इसके लक्षणों में पेशाब से बदबू, खुजली, दर्द और पीले या सफेद रंग का स्त्राव शामिल हैं।
डायबिटीज
डायबिटीज के मरीजों के पेशाब से भी बदबू आ सकती है। खासकर, जब उनका ब्लड शुगर लेवल बढ़ा हुआ हो। इसके साथ बार-बार पेशाब आना, तेज प्यास लगना, थकान और धुंधली दृष्टि इसके आम लक्षण हैं।
लिवर रोग
लिवर रोग के कारण पेशाब का रंग गहरा हो सकता है और बदबू आने लगती है। इसके अन्य लक्षणों में थकान, वजन घटना, त्वचा का पीला पड़ना और पेट में सूजन शामिल हैं।
ब्लैडर फिस्टुला
ब्लैडर फिस्टुला एक गंभीर स्थिति है, जिसमें योनि और ब्लैडर के बीच असामान्य जोड़ बन जाता है। इस स्थिति में पेशाब से दुर्गंध के साथ-साथ अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं।
डिहाइड्रेशन
डिहाइड्रेशन के कारण भी पेशाब से बदबू आ सकती है। पर्याप्त मात्रा में पानी न पीने से यूरिन ज्यादा गाढ़ा हो जाता है। इस वजह से इसमें दुर्गंध आने लगती है।
इलाज है जरूरी
यूटीआई का समय पर इलाज न होने पर यह संक्रमण किडनी तक फैल सकता है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा, हेल्दी लाइफस्टाइल फॉलो करना बेहद जरूरी है।
पेशाब से बदबू आने पर डॉक्टर से सलाह जरूर लें। नियमित स्वास्थ्य जांच से बीमारियों का समय पर पता लगाया जा सकता है। सेहत से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com