क्या सच में मूंगफली खाने के बाद पानी पीने से खांसी आती है?

By Aditya Bharat
21 Dec 2024, 12:30 IST

हमने अक्सर सुना है कि मूंगफली खाने के तुरंत बाद पानी पीने से खांसी या गले में खराश हो सकती है। इसके पीछे तर्क दिया जाता है कि मूंगफली में तेल होता है, और पानी पीने से गले में जलन और खांसी बढ़ सकती है। आज की स्टोरी में हम क्लिनिकल डाइटिशियन डॉ वीडी त्रिपाठी से जानेंगे इसके पीछे की सच्चाई।

क्या कहता है विज्ञान?

इस बात को लेकर कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। मूंगफली और पानी के बीच ऐसा कोई संबंध नहीं है जिससे खांसी या गले में खराश हो। यह धारणा गलत है।

आयुर्वेद का नजरिया

आयुर्वेद के अनुसार तैलीय भोजन के तुरंत बाद पानी पीना शरीर के तापमान को प्रभावित कर सकता है। मूंगफली की तासीर गर्म होती है, और इसे खाने के तुरंत बाद ठंडा पानी पीने से परेशानी हो सकती है।

शरीर का तापमान और मूंगफली

मूंगफली खाने से शरीर गर्म हो सकता है। अगर आप तुरंत ठंडा पानी पीते हैं, तो गले और शरीर का तापमान असंतुलित हो सकता है।

एलर्जी की संभावना

कुछ लोगों को मूंगफली या अन्य नट्स से एलर्जी हो सकती है। एलर्जी के कारण शरीर में हिस्टामाइन नामक केमिकल रिलीज होता है, जिससे खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी हो सकती है।

डॉक्टर की राय

विशेषज्ञों का कहना है कि मूंगफली खाने के बाद पानी पीने से खांसी की समस्या सभी को नहीं होती। यह केवल उन लोगों को हो सकती है जो एलर्जी या श्वसन संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

10 मिनट का नियम

डॉक्टर सलाह देते हैं कि मूंगफली खाने के तुरंत बाद पानी पीने से बचें। 10 मिनट का इंतजार करें, ताकि शरीर इसका सही तरीके से पाचन कर सके।

कमजोर इम्यूनिटी सतर्क रहें

जिन लोगों की इम्यूनिटी कमजोर है या जिन्हें एलर्जी की समस्या है, उन्हें मूंगफली खाने के बाद थोड़ा सावधान रहना चाहिए।

मूंगफली खाने के तुरंत बाद पानी पीने से खांसी आने का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है, हालांकि, जिन लोगों को एलर्जी है, वे इस बात का ध्यान जरूर रखें। स्वास्थ्य से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com