गिलोय को अक्सर एक चमत्कारी औषधि कहा जाता है। इसे इम्युनिटी बढ़ाने, बुखार कम करने और डिटॉक्स के लिए इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन जब इसे जरूरत से ज्यादा लिया जाता है, तो यही जड़ी-बूटी सेहत के लिए खतरा बन सकती है। आइए PubMed की रिपोर्ट से जानते हैं इसके नुकसान।
कितना गिलोय सही होता है?
गिलोय को सीमित मात्रा में ही लिया जाना चाहिए। आयुर्वेदिक विशेषज्ञ इसे 3 से 5 ग्राम पाउडर या लगभग 30 मि.ली. काढ़े तक सीमित रखने की सलाह देते हैं। जब इसे लंबे समय तक और ज्यादा मात्रा में लिया जाता है, तो शरीर पर इसका गलत असर दिखना शुरू हो सकता है।
लिवर डैमेज का खतरा
शोधों में यह सामने आया है कि कुछ लोगों में गिलोय से लिवर को नुकसान पहुंचा है। खासकर जिन लोगों ने इसे लगातार और बिना विशेषज्ञ की सलाह के लिया, उनमें हर्बल-इंड्यूस्ड लिवर इंजरी यानी HILI जैसे लक्षण पाए गए हैं।
इम्यून सिस्टम पर बुरा असर
गिलोय शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए जाना जाता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा सेवन करने पर यह इम्यून सिस्टम को उलझा सकता है। इससे शरीर खुद की ही स्वस्थ कोशिकाओं पर हमला करने लगता है और Autoimmune बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
पेट से जुड़ी समस्याएं
ज्यादा गिलोय का सेवन पाचन तंत्र को प्रभावित कर सकता है। कुछ लोगों को कब्ज, गैस, पेट में भारीपन, और जलन की शिकायत होती है। लंबे समय तक सेवन करने पर ये लक्षण और ज्यादा गंभीर हो सकते हैं।
शुगर लेवल का गिरना
गिलोय ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में मदद करता है, लेकिन ज्यादा मात्रा लेने पर यह खतरनाक रूप से शुगर लेवल को गिरा सकता है। खासकर अगर आप डायबिटीज की दवा ले रहे हैं, तो गिलोय आपके ब्लड शुगर को असंतुलित कर सकता है।
बच्चों और बुजुर्गों में सावधानी जरूरी
गिलोय का सेवन हर उम्र के व्यक्ति के लिए एक जैसा सुरक्षित नहीं होता। छोटे बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और ऐसे लोग जिनकी इम्युनिटी कमजोर है, इन सभी को गिलोय से विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
सावधानी रखें
गिलोय का सेवन शुरू करने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है। अगर आपको पहले से कोई पुरानी बीमारी है, या आप किसी दवा का सेवन कर रहे हैं, तो बिना सलाह लिए गिलोय न लें।
हर औषधि का लाभ तभी होता है जब उसका प्रयोग संतुलन से किया जाए। गिलोय में गुण जरूर हैं, लेकिन अति हर चीज की बुरी होती है। इसे चमत्कारी न मानें, बल्कि समझदारी से लें और जरूरत से ज्यादा कभी न करें। सेहत से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com