कैल्शियम हमारी हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाता है। इसकी कमी से हड्डियां कमजोर हो सकती हैं और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारियां हो सकती हैं। लेकिन क्या आपको मालूम है पुरुषों और महिलाओं में कैल्शियम की ज्यादा जरूरत किसे और क्यों होती है? आइए डाइटीशियन प्रांजल कुमत से इस बारे में जानते हैं।
एक्सपर्ट के अनुसार
डाइटीशियन प्रांजल कुमत के अनुसार, महिलाओं को पुरुषों की तुलना में ज्यादा कैल्शियम की जरूरत होती है। महिलाओं की हड्डियां पुरुषों के मुकाबले पतली और हल्की होती हैं। उम्र बढ़ने के साथ उनकी हड्डियों के कमजोर होने का खतरा बढ़ जाता है।
महिलाओं को अधिक कैल्शियम क्यों चाहिए?
महिलाओं में हॉर्मोनल बदलाव ज्यादा होते हैं, खासकर प्रेग्नेंसी और मेनोपॉज के समय। इस दौरान हड्डियां कमजोर होने लगती हैं, इसलिए उन्हें पुरुषों की तुलना में ज्यादा कैल्शियम की आवश्यकता होती है।
पीरियड्स का प्रभाव
पीरियड्स के दौरान ब्लीडिंग से शरीर से आयरन और कैल्शियम की मात्रा भी निकल जाती है। इस दौरान कैल्शियम की पूर्ति नहीं होने पर हड्डियां और दांत कमजोर हो सकते हैं।
मेनोपॉज का असर
मेनोपॉज के बाद महिलाओं में एस्ट्रोजन हार्मोन की कमी होती है। इससे कैल्शियम का अवशोषण घटता है और हड्डियां तेजी से कमजोर होने लगती हैं। इस समय कैल्शियम की मात्रा बढ़ानी चाहिए।
प्रेग्नेंसी और ब्रेस्टफीडिंग
प्रेग्नेंसी और ब्रेस्टफीडिंग के दौरान महिलाओं को ज्यादा कैल्शियम चाहिए होता है ताकि बच्चे की हड्डियों और दांतों का सही विकास हो सके और मां की हड्डियां भी सुरक्षित रहें।
महिलाओं के लिए कैल्शियम की मात्रा
डाइटीशियन के अनुसार, 19 से 40 साल की महिलाओं को रोजाना 1000 मिलीग्राम कैल्शियम की जरूरत होती है। प्रेग्नेंसी और ब्रेस्टफीडिंग के दौरान यह बढ़कर 1200-1400 मिलीग्राम तक हो जाती है।
क्या-क्या खाएं
दूध, दही, पनीर के अलावा, पालक, मेथी, सरसों का साग, बादाम, अंजीर, अखरोट, सफेद तिल, अलसी के बीज, मछली, अंडे और सोया प्रोडक्ट्स को डाइट में शामिल करना चाहिए।
महिलाओं को पुरुषों से ज्यादा कैल्शियम की जरूरत होती है। सही डाइट और समय पर सप्लीमेंट लेने से हड्डियों और दांतों को मजबूत रखा जा सकता है। हेल्थ से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com