एक दिन में कितना दूध पीना चाहिए? डायटीशियन से जानें

By Deepak Kumar
12 Mar 2025, 12:30 IST

दूध हमारे स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है, क्योंकि इसमें कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन डी और अन्य आवश्यक पोषक तत्व पाए जाते हैं। दूध पीने से आपकी हड्डियां मजबूत होती हैं और कई गंभीर बीमारियों के खतरे को कम करने में भी मदद मिलती है।

सुपरफूड है 'दूध'

दूध में मौजूद पोषक तत्वों और गुणों के कारण ही इसे सुपरफूड माना जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक स्वस्थ व्यक्ति को रोजाना कितना दूध पीना चाहिए। इसका अधिक सेवन करने से आपको कई नुकसान हो सकते हैं। आइये डायटीशियन डॉ. वी डी त्रिपाठी से जानते हैं कि एक दिन में कितना दूध पीना फायदेमंद और सुरक्षित होता है?

डॉक्टर की सलाह

डॉक्टर त्रिपाठी कहते हैं कि उम्र के हिसाब से भी दूध पीने की क्षमता कम या ज्यादा हो सकती है। लेकिन आमतौर पर एक से दो गिलास दूध का सेवन हर व्यक्ति के लिए सुरक्षित और फायदेमंद माना जाता है।

बच्चों के लिए दूध की मात्रा

बच्चों (3 से 18 साल तक) के लिए प्रतिदिन 300 से 500 मिलीलीटर दूध का सेवन उचित होता है, जिससे उनकी हड्डियों और मांसपेशियों का विकास सही तरीके से हो सके।

वयस्कों के लिए दूध की मात्रा

एक स्वस्थ वयस्क (18 साल से ज्यादा) व्यक्ति को प्रतिदिन लगभग 750 मिलीलीटर दूध का सेवन करना चाहिए। यह मात्रा शरीर को आवश्यक पोषक तत्व प्रदान करने के लिए पर्याप्त मानी जाती है।

ज्यादा दूध पीने के नुकसान

ज्यादा दूध पीने की वजह से आपको कई गंभीर समस्याओं का खतरा रहता है। इसकी वजह से आपको पेट और पाचन तंत्र से जुड़ी कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। नियमित रूप से बहुत ज्यादा दूध पीने वाले लोगों में वजन बढ़ने का खतरा भी रहता है।

अन्य समस्या

दूध में लैक्टोज की मात्रा होती है, इसकी वजह से आपको कई समस्याओं का खतरा रहता है। रोजाना जरूरत से ज्यादा मात्रा में दूध पीने से आपको पेट में गैस, एसिडिटी, अपच, ब्लोटिंग और दस्त जैसी समस्या का खतरा रहता है। इसके अलावा आपके शरीर में हॉर्मोन असंतुलन और सूजन की समस्या भी हो सकती है।

दूध पीने का उचित समय

डायटीशियन डॉ. वी डी त्रिपाठी के अनुसार, रात को सोने से लगभग एक घंटा पहले गर्म दूध का सेवन करना लाभकारी होता है, क्योंकि इससे नींद में सुधार होता है और पाचन तंत्र बेहतर कार्य करता है।

दूध का सेवन स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है, लेकिन इसकी मात्रा का ध्यान रखना आवश्यक है। कुछ लोगों को दूध से एलर्जी भी होती है, ऐसे लोगों को दूध का सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए। सेहत से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com