मानसून के मौसम में बीमारियों और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में सेहतमंद रहने के लिए हल्की, पचने में आसान और पोषक तत्वों से भरपूर सब्जियां खाना बहुत जरूरी होता है। कुछ खास सब्जियां हैं जो मौसमी बीमारियों से बचाने में मदद कर सकती हैं। तो चलिए जानते हैं डाइटीशियन सुमन से इन सब्जियों के बारे में।
करेला
करेला विटामिन C, फाइबर और आयरन से भरपूर होता है। यह मानसून में गैस की समस्या को कम करता है और ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने में भी मदद करता है।
लौकी
लौकी पचने में बेहद आसान होती है। इसमें फॉस्फोरस, पोटेशियम और फाइबर होते हैं, जो पेट को ठंडक देने के साथ पाचन-तंत्र को बेहतर और इम्यूनिटी को मजबूत बनाते हैं।
परवल
परवल में हेपेटोप्रोटेक्टिव और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। यह लिवर को स्वस्थ रखने, पेट की सूजन कम करने और इम्यूनिटी को बेहतर बनाने में सहायक होता है।
टिंडा
टिंडा विटामिन C, फाइबर, पोटैशियम और कैल्शियम का अच्छा स्रोत है। यह पचने में आसान है और मानसून में मौसमी बीमारियों से शरीर की रक्षा करता है।
चुकंदर
चुकंदर में एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं। इसमें फोलेट, आयरन और विटामिन C पाया जाता है, जो बैक्टीरिया से बचाता है और पाचन-तंत्र को बेहतर बनाता है।
क्यों जरूरी हैं मौसमी सब्जियां?
मौसमी सब्जियों में शरीर को उसी मौसम के अनुसार पोषण और सुरक्षा देने की ताकत होती है। मानसून में हल्की और ताजी सब्जियों का सेवन फायदेमंद होता है।
ध्यान रखें ये बातें
बरसात में सब्जियों को अच्छी तरह धोकर ही पकाएं। कीड़े या संक्रमण से बचने के लिए ताजा और ऑर्गेनिक सब्जियों का ही चुनाव करें।
यदि आपको एलर्जी, पेट की समस्या या कोई पुरानी बीमारी है, तो किसी भी नई सब्जी को खाने से पहले डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह अवश्य लें। हेल्थ से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com