बच्चों को हेल्दी रखने के लिए बच्चों की इम्यूनिटी (प्रतिरोधक क्षमता) का मजबूत होना जरूरी होता है। बच्चों की इम्यूनिटी मजबूत न होने के कारण वह जल्दी-जल्दी बीमार पड़ते हैं, जिस कारण उनकी ग्रोथ पर भी असर होता हैं। ऐसे में बच्चों की इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए कुछ आयुर्वेदिक तरीकों को फॉलो किया जा सकता हैं।
आयुर्वेदिक तरीके
इम्यूनिटी मजबूत होने से बच्चे कम बीमार होंगे और उनकी ग्रोथ भी तेज होगी। बच्चों की इम्यूनिटी बढ़ाने के आयुर्वेदिक तरीके के बारे में जानने के लिए हमने बात की नोएडा के वैघ जी आयुर्वेदिक क्लिनिक के बीएमएस. एमडी डॉक्टर अंकुर गुप्ता से।
हल्दी वाला दूध
हल्दी में मौजूद कर्क्यूमिन एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है, जो इम्यूनिटी बढ़ाने में सहायक होता है। दूध में आधा चम्मच हल्दी मिलाकर उबालें और बच्चे को पिलाएं। यह सर्दी-जुकाम से बचाव में भी मदद करता है।
तुलसी और अदरक का रस
तुलसी और अदरक दोनों में एंटीबायोटिक और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं। कुछ तुलसी पत्तियाँ और अदरक का छोटा टुकड़ा पीसकर उसका रस निकालें, उसमें थोड़ा शहद मिलाएं और सुबह के समय बच्चे को दें।
बादाम-छुहारा मिल्क शेक
बादाम और छुहारा दोनों में पोषक तत्वों की प्रचुरता होती है, जो इम्यून सिस्टम को मजबूत करते हैं। रात भर भीगे हुए बादाम और छुहारा को मिलाकर दूध में उबालें, और बच्चे को पिलाएं।
शहद का उपयोग
शहद में विटामिन्स, मिनरल्स और एंटीबायोटिक गुण होते हैं, जो इम्यूनिटी बढ़ाने में सहायक हैं। बच्चे के दूध में चीनी की बजाय शहद का उपयोग करें, या सीधे एक चम्मच शहद दें।
मुनक्का का सेवन
मुनक्का में एंटीऑक्सीडेंट्स, आयरन, पोटेशियम और अन्य महत्वपूर्ण पोषक तत्व होते हैं, जो इम्यूनिटी को मजबूत करते हैं। रात भर मुनक्का भिगोकर रखें, और सुबह बच्चे को दें। यह कब्ज और अन्य पाचन संबंधी समस्याओं में भी लाभकारी है।
अनहेल्दी चीजें न खिलाएं
आज के समय में अधिकतर बच्चे प्रोस्सेड फूड्स और फ्राइड फूड्स का सेवन ज्यादा करते हैं, जो शरीर के लिए हानिकारक होने के साथ बच्चों की इम्यूनिटी को कमजोर करते हैं। ऐसे में बच्चों की इम्यूनिटी को मजबूत बनाने के लिए बच्चों को इन चीजों को हरगिज नहीं देना चाहिए।
इन आयुर्वेदिक उपायों के साथ, बच्चों को संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और नियमित शारीरिक गतिविधि प्रदान करना भी आवश्यक है। स्वास्थ्य से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com