आम स्वाद और सेहत दोनों के लिए फायदेमंद होता है, लेकिन इसे खाने के बाद कुछ चीजों का सेवन करना हानिकारक हो सकता है। तो आइए अपोलो हॉस्पिटल की डायटीशियन डॉ. गायत्री (हैदराबाद) से जानते हैं कि किन चीजों का सेवन आम खाने के तुरंत बाद नही करना चाहिए।
डायटीशियन के अनुसार
डॉ. गायत्री की मानें तो आम की तासीर गर्म होती है, ऐसे में अगर इसके तुरंत बाद गलत चीजें खा ली जाएं, तो पेट की समस्याएं, स्किन एलर्जी और पाचन से जुड़ी दिक्कतें हो सकती हैं। इसलिए जानिए वो 5 चीजें जिन्हें आम खाने के तुरंत बाद नहीं खाना चाहिए।
करेला न खाएं
आम खाने के तुरंत बाद करेला खाना आपकी सेहत बिगाड़ सकता है। इससे उल्टी, जी मचलाना और सांस की तकलीफ हो सकती है। आम और करेला दोनों का स्वाद और तासीर अलग होती है, इसलिए इनका कॉम्बिनेशन हानिकारक होता है।
मसालेदार भोजन से करें परहेज
आम के बाद मसालेदार खाना पेट की समस्या बढ़ा सकता है। इससे एसिडिटी, गैस और स्किन एलर्जी हो सकती है। आम की गर्म तासीर और मसालों का मेल शरीर में गर्मी बढ़ाता है जो नुकसानदेह हो सकता है।
आम और दही साथ न खाएं
आम और दही एक साथ खाने से पाचन खराब हो सकता है। दही ठंडी तासीर का होता है और आम गर्म तासीर का। ये मेल शरीर में विषैले तत्व बना सकता है, जिससे पेट और स्किन की समस्या हो सकती है।
कोल्ड ड्रिंक से रहें दूर
आम में पहले से ही शुगर होती है और कोल्ड ड्रिंक्स भी शुगर से भरपूर होते हैं। इनका साथ सेवन डायबिटिक लोगों के लिए हानिकारक है और पेट में इंफ्लेमेशन और पाचन समस्याएं भी पैदा कर सकता है।
आम खाने के बाद पानी पीने से बचें
आम खाने के तुरंत बाद पानी पीना गैस, पेट दर्द और अपच जैसी समस्याएं पैदा कर सकता है। पानी आम के प्राकृतिक एंजाइम्स को डाइल्यूट कर देता है जिससे पाचन गड़बड़ा जाता है। कम से कम 30 मिनट बाद पानी पिएं।
आम के पोषक तत्व
आम में विटामिन A, C, K, फाइबर, बीटा-कैरोटीन, पोटैशियम और एंटी-ऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं। ये इम्यून सिस्टम को मजबूत करते हैं और हड्डियों, त्वचा और आंखों की सेहत को भी सुधारते हैं।
आम खाने के तुरंत बाद ऊपर बताए गए चीजों का सेवन न करें। कम से कम 30 मिनट का अंतर जरूरी है। सेहत से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com