आम स्वादिष्ट और पोषक फल है, लेकिन छोटे बच्चों को देने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना होता है। सही उम्र, मात्रा और तरीका जानकर ही बच्चों को आम देना फायदेमंद होता है।
न्यूट्रिशनिस्ट का सुझाव
आइए न्यूट्रिशनिस्ट उजमा बानो (Msc. Nutrition, DNHE) से जानते हैं कि बच्चों को आम खिलाने का सही तरीका क्या है, जिससे उन्हें स्वास्थ्य से जुड़ी कोई समस्या न हो।
बच्चों को आम कब देना शुरू करें?
बच्चों को आम 8–9 महीने की उम्र के बाद देना शुरू करें, जब वह सॉलिड फूड खाने लगे। शुरुआत में आम को अच्छी तरह मैश करके दें, ताकि वह आसानी से खा सके।
बच्चों को आम देते समय रखें सावधानी
पहली बार थोड़ी मात्रा में दें और प्रतिक्रिया देखें। स्किन पर रैशेज, दस्त या उल्टी जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। हर बच्चे की प्रतिक्रिया अलग हो सकती है।
आम खिलाने का सही तरीका
मीठा और रेशेदार आम चुनें। उसे पानी में भिगोकर छीलें, गूदा निकालें और प्यूरी बनाएं। धीरे-धीरे जब बच्चा चबाना सीख जाए, तो छोटे टुकड़ों में आम देना शुरू करें।
कितनी मात्रा में आम दें?
न्यूट्रिशनिस्ट उजमा बानो के मुताबिक, 8-10 महीने के बच्चों को 1 दिन में 2 से 3 चम्मच मैश्ड आम खिलाएं। वहीं 10-12 महीने के बच्चों को 1 दिन में आधी छोटी कटोरी आम खिलाएं। जबकि 1 साल से बड़े बच्चों को आप एक छोटा आम या एक छोटी कटोरी आम के टुकड़े खिला सकते हैं। मात्रा धीरे-धीरे बढ़ाएं।
क्या न दें?
डिब्बाबंद आम की प्यूरी, फ्रूट ड्रिंक या रस बच्चों को न दें। इनमें आर्टिफिशियल शुगर और प्रिजर्वेटिव्स होते हैं, जो उनके लिए हानिकारक हो सकते हैं।
आम को पानी में भिगोना जरूरी
आम को खाने से पहले 1-2 घंटे तक पानी में भिगोना चाहिए। इससे उसकी गर्म तासीर कम होती है और फाइटिक एसिड का असर भी घटता है, जो बच्चों के लिए जरूरी है।
आम बच्चों को सीमित मात्रा में ही देना चाहिए। जरूरत से ज्यादा आम खाने से पेट खराब, गैस या दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए उम्र के अनुसार सही मात्रा देना जरूरी है। सेहत से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com