
वर्कआउट के बाद शरीर को अधिक प्रोटीन की जरूरत होती है इसके लिए लोग प्रोटीन शेक का सेवन करते हैं, लेकिन क्या आपको पता है वर्कआउट के बाद लौकी का जूस पीना अधिक फायदेमंद है।
वजन कम करना हो या मसल बनाना हो, इसके लिए केवल वर्कआउट की कारगर नहीं है, बल्कि वर्कआउट के साथ खानपान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। वर्कआउट के बाद अक्सर लोग प्रोटीन शेक का सेवन करते है। पर क्या आप जानते है कि प्रोटीन शेक के बजाय लौकी का जूस आपके शरीर को ज्यादा मजबूती देगा। ये वजन घटाने में भी सहायक होता है। लौकी हमारे शरीर के कई रोगों को दूर करने में सहायक होती है। लौकी को कच्चा भी खाया जाता है, यह पेट साफ करने में भी लाभदायक साबित होती है।
प्रोटीन के साथ पौष्टिकता भी
लौकी में प्रोटीन, फाइबर, मिनरल, कार्बोहाइड्रेट से भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। लौकी के बीज का तेल कोलेस्ट्रोल को कम करता है तथा हृदय को शक्ति देता है। यह रक्त की नाडियों को भी स्वस्थ बनाता है। लौकी में पोटैशियम प्रचुर मात्रा में मिलता है, जिसकी वजह से यह गुर्दे के रोगों में बहुत उपयोगी है। लौकी में विटामिन ए, बी और सी मिलता है। यह गरिष्ठ, रेचक और बलप्रद होती है। अशक्त और रोगियों के लिए यह लाभदायक है। गर्म प्रकृति वालों के लिए लौकी का सेवन ठंडक और पोषण देने वाला एवं अधिक हितकारी है। नर्म, चिकनी, सफेद लौकी का सेवन ही करना चाहिए। इसके बीज का उपयोग औषधि के रूप में होता है। लौकी हृदय के लिए हितकारी, पित्त व कफ को नष्ट करती है।
लौकी के जूस से घटाए मोटापा
लौकी में फाइबर होता है, जो पेट को ठंडक पहुंचाता है। इसका जूस पीने से पेट घंटो तक भरा रहता है और मोटापा भी कम होता है। 100 ग्राम लौकी के जूस में केवल 12 कैलोरी ही होती है। इसे अपने सुबह के नाश्ते में शामिल करने से वजन तो कम होगा ही साथ में आपकी त्वचा में भी निखार आयेगा। ये क्रिया कम से कम 3 महीने तक करनी चाहिए। घर में उगाई गई या ऑर्गेनिक लौकी का रस ही पीना चाहिए, इन्जेक्शन लगा कर बढाई गई लौकी का रस लेने से नुकसान हो सकता है।
कैसे बनाएं लौकी का जूस
लौकी को धोकर छील लें और लगभग दो इंच के टुकड़ों में काट लें। ब्लेंडर में पुदीने की पत्तियां, लौकी के टुकड़े और घिसी अदरक डालकर एकसार होने तक पिसे। इस पिसे मिश्रण को महीन छेद की चलनी से छान लें। अब इसमें स्वादानुसार नीबू का रस डालें और अगर चाहें तो एक चुटकी नमक भी डाल सकते हैं। लौकी में पानी और रेशे पर्याप्त मात्रा में पाए जाते हैं। आप इसकी सब्जी या जूस में किसी भी तरह से ले सकते हैं।
लौकी में कम कैलोरी होने के साथ ही इसमें फाइबर भी होता है जो भूख को नियंत्रित करता है और पेट की समस्याओं से भी बचाता है। अपने दिन की शुरुआत एक गिलास लौकी के जूस से करना उचित है|
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।