
आइये जानते है खुशबू भी कैसे कर सकती है जादुई असर।
ब्रेड हमारे भोजन का अहम हिस्सा है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसकी खुशबू भी जादुई असर कर सकती है। जी, एक नए अध्ययन में शोधकर्ताओं ने दावा किया है कि ताजा ब्रेड की खुशबू से लोगों में सकारात्मक भावनाएं पैदा होती हैं और तो और यह अजनबियों के प्रति भी अच्छा व्यवहार करने को प्रेरित करती है।
[इसे भी पढ़े- अब तनाव से मिलेगा छुटकारा!]
फ्रांस स्थित 'यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न ब्रिटैनी' के शोधकर्ताओं ने बताया, कुछ खास किस्म की चीजों की खुशबू लोगों के व्यवहार को सकारात्मक बनाने में मदद करती है। इन खुशबुओं से लोगों के मन में दूसरों के प्रति अच्छी व सकारात्मक भावनाएं आती हैं। साथ ही लोग दूसरों की मदद करने को प्रेरित होते हैं। शोधकर्ताओं का मानना है कि ताजे ब्रेड की खुशबू भी इन्हीं में से एक है।
[इसे भी पढ़े- सेहत के लिए फायदेमंद है सफेद ब्रेड]
हालांकि मानव स्वभाव को सकारात्मक बनाने में खुशबुओं की भूमिका पर पहले भी शोध हो चुके हैं। उन शोधों के जरिए इस बात की तस्दीक भी हो चुकी है कि कुछ खास किस्म की खुशबू व्यक्ति को सकारात्मक बनाती है। लेकिन, मौजूदा अध्ययन में शोधकर्ता यह जानना चाहते थे कि किसी खास किस्म की सुगंध अजनबियों के प्रति भी लोगों के बर्ताव में अंतर लाती है या नहीं। शोध के नतीजे 'जर्नल ऑफ सोशल साइकोलॉजी' के हालिया अंक में प्रकाशित किए गए हैं।
इस निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए शोधकर्ताओं ने कुछ लोगों पर परीक्षण किया। उन्होंने कुछ प्रतिभागियों को बेकरी, और कुछ को कपड़ों की दुकानों के आगे खड़ा होने को कहा। प्रतिभागियों से कहा गया कि वे अपने बैग में कुछ तलाशने का उपक्रम करते हुए वहां आते-जाते लोगों के सामने से गुजरें। इस दौरान प्रतिभागियों को अपने बैग से कुछ चीजें मसलन रूमाल या दस्ताने गिराने को कहा गया। शोधकर्ताओं ने करीब 400 बार प्रतिभागियों से यह उपक्रम दोहराने को कहा। इस पूरी प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए बेकरी और कपड़ों की दुकान से करीब 60 फीट की दूरी पर अन्य लोगों को रखा गया। उन लोगों ने बताया कि बेकरी के सामने से गुजरने वाले 77 फीसदी लोगों ने गिरते हुए सामान पर ध्यान दिया और इसे उठाकर इसके मालिक को वापस कर दिया। वहीं कपड़ों की दुकान के सामने से गुजर रहे केवल 52 फीसदी लोगों ने ऐसा किया।
अध्ययन के मद्देनजर शोधकर्ताओं ने बताया कि अच्छी खुशबू वाली अन्य चीजों से भी लोगों में इस तरह की सकारात्मकता आती है और वे दूसरों की मदद करने को प्रेरित होते हैं। इससे साफ है कि हमारे मिजाज पर अच्छी खुशबू का प्रभाव पड़ता है।
Read more Article On- Swastha samachar in hindi
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।