आज के समय में भी अगर आप कहीं पर पीरियड्स की बात करें तो आपको लोगों के चेहरों पर शर्म, बेहूदा हंसी, डर और एक अजीब से घबराहट देखने को मिलेगी। तमाम तरह के जागरुकता अभियानों और खुली बातचीत के बावजूद आज भी पीरियड्स शब्द कई घरों में एक टैबू यानि कि अमान्य शब्द बना हुआ है। क्या आप भी उन्हीं लोगों में से एक हैं जो पीरियड्स पर बात करने से शर्म महसूस करते हैं? क्या आप अपने पीरियड्स के बारे में अपनी दोस्त, बहन या मां से बात करना चाहती हैं लेकिन शर्म की वजह से कुछ कह नहीं पातीं? अगर आपका जवाब हां है तो इस समस्या से लड़ने के लिए अब आप अकेली नहीं हैं। आज डॉक्टर सोनिया रावत पीरियड्स के जुड़े उन सभी सवालों के जवाब दे रही हैं जिनके बारे में हर लड़की जानना चाहती है। तो आइए जानते हैं क्या हैं वो सवाल—
प्रश्न- 18 से कम उम्र की लड़की के लिए एक सामान्य मासिक धर्म चक्र क्या है?
उत्तर- 18 से कम उम्र की लड़कियों में नए-नए हॉर्मोनल बदलाव आते हैं इसलिए पीरियड्स की दृष्टि से यह बहुत ही नाजुक समय होता है। इस उम्र में लड़कियों को 28 से 30 दिन के भीतर में पीरियड्स आ जाने चाहिए। अगर ऐसा नहीं होता है किसी डॉक्टर से परामर्श लें। साथ ही इस दौरान तारीखों में भी बदलाव नहीं आना चाहिए। इस उम्र में लड़कियों को 5 से 7 दिनों तक पीरियड्स होते हैं, जिसमें कोई घबराने वाली बात नहीं है।
प्रश्न- पीरियड्स होने की सही उम्र क्या है?
उत्तर- कुछ लड़कियों को 12 साल की उम्र में ही पीरियड्स हो जाते हैं जबकि कुछ लड़कियों को 18 साल तक भी नहीं होते हैं। इस प्रश्न के उत्तर में डॉक्टर सोनिया रावत ने कहा कि इसमें कोई घबराने वाली बात नहीं है, यह सिर्फ हॉर्मोन्स की वजह से होता है। कुछ लड़कियों के हॉर्मोन्स जल्दी विकसित हो जाते हैं जबकि कुछ लड़कियों के थोड़ा देर से होते हैं। लेकिन यदि 17 साल की उम्र में भी पीरियड्स नहीं होते हैं तो डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। डॉक्टर इसके लिए कुछ हार्मोनल टेस्ट कराने का सुझाव देते हैं।
प्रश्न- पीरियड्स में किस रंग का ब्लड आना चाहिए?
उत्तर- पीरियड्स के दौरान ब्लड का रंग बदलता रहता है। चटक लाल रंग का ब्लड आने का मतलब है कि यह एकदम फ्रैश ब्लड है और महिला भी एकदम स्वस्थ है। जबकि काले रंग का ब्लड आना भी कई बातों पर निर्भर करता है। अगर आपको पीरियड के पहले दिन काले रंग का खून आता है और बाकी के चार दिन लाल रंग का आता है तो इसका मतलब है कि सब कुछ सामान्य है। जबकि यदि आपको पूरे पांच दिन लाल रंग का ब्लड आता है तो इसके लिए आपको किसी गायना से संपर्क करना चाहिए।
प्रश्न- अगर आपके पीरियड्स रेगुलर नहीं हैं तो क्या करें?
पीरियड्स अगर रेगुलर नहीं है तो सबसे पहले आप किसी महिला चिकित्सक से संपर्क करें। वह आपको कुछ टेस्ट करने को कहेंगे। इसके अलावा अच्छी डाइट, नियमित एक्सरसाइज और संतुलित लाइफस्टाइल से भी इसे कंट्रोल किया जा सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।