क्या अखरता है एकाकीपन

वेलेंटाइन प्‍यार का दिन है और बाजार इस दिन को भुनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ता। लेकिन, आप इस दिन अकेले हों तो। इस दिन शायद यह अकेलापन अधिक अखरता है। शायद इसी दिन किसी की कमी का अहसास अधिक होता है। लेकिन, आपको इसे लेकर अधिक परेशान होने की जरूरत नहीं है। तन्‍हा होना कोई अपराध या सजा नहीं।
अकेले हैं तो क्या गम है

सिंग्‍ल्‍स के लिए वेलेंटाइन डे हमेशा से 'निंदा' का विषय रहा है। अकेले लोग जो किसी के हाथ थामकर नहीं चल सकते, उनमें से कई लोगों के लिए अपने दिल की भड़ास निकालने का इससे अच्‍छा मौका नहीं हो सकता। वे इस दिन को बाजार द्वारा उत्‍प्रेरित दिन मानते हैं और उनके लिए यह दिन और कुछ नहीं बस कुछ 'सिरफिरों' के लिए है। एक अनुमान के अनुसार दुनिया में अकेले रहने वालों की तादाद बढ़ रही है। सिर्फ ब्रिटेन में ही यह आंकड़ा 2031 तक एक करोड़ के पार निकल जाएगा। भारत में भी महानगरीय बदलाव के कारण अब अकेले रहना उतना बुरा नहीं माना जाता।
तोहफा ही तो देना है

जरूरी नहीं कि इस दिन आप किसी 'खास' को ही तोहफा दें। तोहफा उसे दिया जाता है, जिसे आप प्‍यार करते हों। तो फिर आप अपने आपको कोई उपहार क्‍यों नहीं दे सकते। जा‍नते हैं कुछ ऐसे गिफ्ट जो सिंगल्‍स अपने आप को दे सकते हैं। इसके लिए किसी साथी की जरूरत नहीं। आप खुद को भी कोई तोहफा दे सकते हैं, इसमें क्‍या बुराई है।
आई लव मी

किसी के साथ डेट पर जाने की जरूरत क्‍या है। यह वेलेंटाइन अपनी जिंदगी के सबसे महत्‍वपूर्ण इनसान के साथ उत्‍सव मनाइए और वो स्‍वयं आपके सिवाय कौन हो सकता है। तो क्‍यों न 'आई लव मी' की टीशर्ट या तकिया ही क्‍यों न लिया जाए। याद रखिये प्‍यार के लिए किसी का होना जरूरी नहीं। प्‍यार एक जीवनशैली है, जो बस होता है। तो अगर आप अपने आप से प्‍यार नहीं करते, तो आप किसी और को भी प्‍यार नहीं कर सकते।
कार्ड

एक अजीब सा कार्ड दीजिए। लेकिन, यह अपना महत्‍व दिखाने का एक लाजवाब जरिया है। कार्ड पर कोई फनी या प्रेरणादायक संदेश लिखा हो सकता है। यह तरीका थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन खुद को तोहफा देना, कई मायनों में काफी मददगार हो सकता है। यह आपको यह अहसास दिलाता है कि आप अकेले नहीं हैं। आप अपने साथ हैं।
वेलेंटाइन 'सक्स'

एक गुलदस्‍ता खरीदिये जिस पर वेलेंटाइन डे 'सक्‍स' लिखा हुआ हो। यह 'एंटी-वेलेंटाइन' का काफी अच्‍छा आइडिया है। वेलेंटाइन डे पर ऐसे फूलों को खरीदने वालों की कमी नहीं।
घर के लिए कुछ खरीदें

क्‍यों न अपने किचन या घर के लिए कुछ नया खरीदा जाए। यह आपके घर को एक नया लुक देगा। घर में अगर ताजगी आएगी तो जाहिर सी बात है कि आप भी पहले से अधिक फ्रेश महसूस करेंगे।
कुछ अपने लिए पकाया जाए

क्‍यों ना आज अपने लिए कुछ अपने लिए पकाया जाए। अपनी पसंद का कोई खाना। अपनी पसंदीदा डिश। कितने दिन हो गए आपने अपनी पसंद का कुछ नहीं खाया। मन जो नहीं करता था, लेकिन आज बीती बातें बिसार के अपने लिए कुछ कीजिए।
पार्टी मनायें

इक तुम ही नहीं तन्‍हा, उल्‍फत में किसी की रुसवा। इस शहर में तुम जैसे दीवाने हजारों हैं। तो, क्‍यों न किसी ऐसी जगह तलाशी जाए जहां आप ऐसी पार्टी मना सकें। आप अपने कुछ दोस्‍तों को अपने घर बुला सकते हैं या फिर उनके घर जा सकते हैं। या फिर बाहर भी पार्टी की जा सकती है। ऐसी पार्टी आपका वक्‍त आसानी से निकाल देगी और आपको तन्‍हाई का अहसास कम होगा।
फेसबुक से दूर रहें

अब आप तन्‍हा हैं, तो इसका अर्थ यह नहीं कि आप दूसरों के सामने अपना रोना रोएं। बेहतर यही है कि आप इस दिन फेसबुक और अन्‍य सोशल मीडिया साइट से दूर ही रहें। जो लोग खुश हैं और आज के दिन का आनंद उठा रहे हैं, उन्‍हें क्‍यों परेशान करना।