दुनियाभर की महिलाओं की हैं ये हेल्दी आदतें
दुनियाभर में खुद को हेल्दी रखने के लिए महिलाओं ने इन चीजों को अपनी आदत बना ली है, आप भी जानिये क्या हैं वे हेल्दी आदतें।

पूरी दुनिया में लोगों के जीने का तरीका अलग है, भाषा और खानपान भी अलग हैं। ऐसे में जाहिर सी बात है लोगों की आदतें भी अलग-अलग होंगी ही। जी हां, पूरी दुनिया में सेहतमंद रहने के लिए लोगों की खासकर महिलाओं की आदतें भी अलग-अलग हैं, लेकिन इन आदतों में सबसे सामान्य ये है कि इन आदतों से फायदा सेहत को होता है, यानी अगर आप भी इन आदतों को आजमायेंगे तो बीमारी आपके पास भी नहीं भटकेगी। आइए आज हम आपको दुनियाभर में मौजूद कुछ ऐसी ही आदतों के बारे में बताने जा रहें हैं।

स्व्स्थ रहने के लिए पानी बहुत जरूरी है, इसलिए चिकित्सक भी पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह देते हैं। लेकिन अगर पानी पीना एक आदत बन जाये तो शरीर में पानी की कमी ही नहीं होगी। मैक्सिको में रहने वाले लोग पर्याप्त मात्रा में पानी लेने के लिए पानी के साथ दूसरे प्रयास भी करते हैं। यहां की महिलायें घर पर ही ताजे फलों, सब्जियों और हर्ब्स को पानी में मिलाकर हेल्दी ड्रिंक तैयार करती हैं जो आमतौर पर यहां सभी घरों में पीया जाता है। ये ड्रिंक खीरा, नीबू, गुड़हल और नारियल आदि के फ्लेवर में भी मिलता है। बाजार में मिलने वाले ड्रिंक में अधिक शुगर होता है, इसलिए लोग इसे अपने घर में ही बनाते हैं।

महिलाओं के लिए घर और कैरियर में बैलेंस बनाना बहुत मुश्किल होता है। कई बार इसके कारण तनाव और दूसरी पारिवारिक समस्यायें भी होने लगती हैं। लेकिन अगर ऑस्ट्रेलिया में रहने वाली महिलाओं को देखा जाये तो उनके लिए यह बायें हाथ का खेल है। वे ऐसा इसलिए कर पाती हैं क्योंकि इन सबके बीच वे अपने लिए वक्त निकाल लेती हैं। वे सोशल कामों में भी लिप्त रहती हैं और शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का भी प्रयास करती हैं।

साइकिलिंग बहुत ही फायदेमंद मानी जाती है, लेकिन अगर यह आपकी आदत बन जाये तो क्या कहने। लेकिन अगर हम नीदरलैंड की बात करें तो ये वहां के लोगों की आदत है खासकर महिलाओं की। नीदरलैंड में महिलायें अक्सर साइकिल पर ही नजर आती हैं। घर का छोटा काम हो या फिर ऑफिस जाना हो, वे इसका अधिक से अधिक प्रयोग करती हैं। यूरोपियन कमीशन ने पाया है कि डच लोग किसी भी अन्य देशों के लोगों के मुकाबले अपने रोजमर्रा के एक-तिहाई काम साइकिल से ही करते हैं। जर्नल ऑफ फिजिकल एक्टिविटी एंड हेल्थ में छपी रिपोर्ट की मानें तो नीदरलैंड में लोगों में मोटापे की समस्या बहुत कम है।

हरी सब्जियों में शरीर के लिए जरूरी सभी पौष्टिक तत्व (विटामिन, मिनरल, फाइबर, प्रोटीन, कैल्सियम, आदि) पाये जाते हैं। इसलिए अगर आप इनका सेवन करेंगे तो स्वस्थ्य रहेंगे साथ ही बीमारियों से भी दूर रहेंगे। ग्रीस दुनिया का एक ऐसा देश है जहां पूरी दुनिया में सबसे अधिक सब्जियां खाई जाती हैं। यहां अधिकांश घरों में महिलाएं मुख्य भोजन में केवल सब्जियों से तैयार होने वाली डिशेज ही बनाती हैं। अमेरिकन जर्नल ऑफ क्लीनिकल न्यूट्रीशन में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक वेजीटेरियन डाइट में कई पोषक तत्व जैसे मैग्नीशियम, पोटैशियम और विटामिन के पाया जाता है।

शारीरिक और मानसिक थकान दूर करना है तो मसाज करायें। लेकिन लोग केवल आवश्यकता पड़ने पर ही मसाज कराते हैं। जबकि थाइलैंड की महिलायें मसाज को नियमित रूप से कराती हैं। विशेषज्ञों की मानें तो नियमित मसाज कराते रहने से आप हेल्दी, फिट और दुबले बने रहते हैं। शोधों में भी यह साबित हुआ है कि थाई मसाज से शारीरिक रूप से कई सारे लाभ मिलते हैं जैसे शरीर लचीला बनता है, बुढ़ापा जल्दी नहीं आता और शरीर में स्फूर्ति बनी रहती है।
All Images - Getty
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।