गर्मियों का नाश्ता

चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के इस मौसम में आपकी तकात जैसे खो ही जाती है, ठीक से खाया-पिया भी नहीं जाता। लेकिन गर्मियों के मौसम में सही खान-पान बेहद ज़रूरी होता है। इस मौसम में ख़ुद को डिहाइड्रेशन और कमज़ोरी से बचाने के लिए खानपान का ख़याल कैसे रखें, यह एक बड़ा सवाल है। बस इस मौसम में सुबह का नाश्ता बहुत जरूरी है, इसलिए इसे न छोड़े। नाश्ते में तरल पदार्थों को तरजीह दें, जैसे नारियल पानी, फल आदि को प्रमुखता से अपने लाश्ते में शामिल करें। बाकी हम आपको बताते हैं कि और कौंन सी नाश्ते की चीज़ें हैं जिन्हें आप इस मौसम में खा सकते हैं।
चाय नहीं, पानी अधिक लें

गर्मियों के मौसम में शरीर में पानी का स्तर ठीक रखना बहुद जरूरी होता है। इसलिए ऐसे पेय पदार्थ लेने से बचें, जो पेट में गैस बनाते हैं। खासकर चाय पीना कम कर दें। अगर संभव हो तो इसे गर्मियों में छोड़ ही दें।
लाइट नाश्ता

गर्मियों में सुबह को कुछ भीरी खाने का दिल नहीं करता। लेकिन नाश्ता करना भी तो ज़रूरी है। इसलिए आप नाश्ते में ग्रीन टी के साथ पोहा, इडली, दलिया, कॉर्नफ्लेक्स व अंकुरित अनाज ले सकते हैं। ये नाश्ते की चीज़ें फायदेमंद होने के साथ-साथ भूख भी बढ़ाती हैं।
सत्तू का नाश्ता

सत्तू नाश्ते गर्मियों के नाश्ते का एक बेहतर विकल्प है। सत्तू के नाश्ते की सबसे बड़ी खूबी यह है कि गर्मी के मौसम में यह शरीर को बड़ी राहत पहुंचाता है। दरअसल सत्तू भूने हुए चने का आटा होता है।
ठंडी आलू चाट

अगर आप कुछ मसालेदार खाना चाहते हैं तो ठंडे आलू चाट का नाश्ता करें। इसे बनाने के लिए उबले आलू को टुकड़ों में काट कर इसमें क्रश किया हुआ चिवड़ा या भुना चना फ्लेक्स साथ में एक चम्मच इमली सॉस और दही, एक मुट्ठी अंकुरित अनाज और खीरा काट कर मिलाएं। अगर आप पनीर पसंद करते हैं तो उसे भी इसमें डाल सकते हैं।
कूल सैंडविच

सैंडविच भी कई लोगों का मनपसंद नाश्ता होता है। गर्मी के मौसम में खीरा, पुदीना और दही का इस्तेमाल सैंडविच बनाने में जरूर करें। इस सैंडविच को खाने से पहले कुछ समय के लिए फ्रिज में रखें, ताकि यह ठंडा हो जाए। ठंडा होने पर इसका स्वाद और भी बेहतर हो जाता है।
मौसमी फल खाएं

गर्मियों में मौसमी फल अधिक खाएं। फलों में मौसमी, तरबूज, खरबूजा आदि इस मौसम में फायदेमंद होते हैं। गर्मियां आम का भी मौसम होती हैं, लेकिन आम को खाने में सावधानी बरतें और इसे खाने से पहले एक से दो घंटे के लिए पानी में डुबो कर रखें।
शर्बत और ठंडे पेय

खस चंदन आदि का शर्बत और फलों का रस आदि पेय पदार्थों का सेवन इस मौसम में ज्यादा करना चाहिए। गर्मी के मौसम में रोजाना थोड़ा काम करने के बाद एक ग्लास ठंडाई दूध, लस्सी और जौ या चने का सतू पानी में घोलकर पीना चाहिए। छांछ, जामुन शरबत, बेल शरबत तथा बारली ड्रिंक भी अच्छे विकल्प हैं।
जौ है फायदेमंद

इस मौसम में जौ का सेवन काफी फायदेमंद होती है। आप इसे दही में डाल कर सत्तू के रूप में खा सकते हैं या इसे साबुत उबाल कर टमाटर, खीरा, मिर्च, हरी चटनी, नमक आदि के साथ मिलाकर भी खाया जा सकता है। गेहूं और जौ का आटा बराबर मात्रा में मिलाकर भी आप रोटी बनाने में भी में भी जौ के आटे का अपयोग कर सकते हैं। इस मौसम में यह पेट को ठीक और शरीर को ठंडा रखता है।
सत्तू परांठा

सत्तू परांठा गर्मियों के लिए कमाल का नाश्ता है। इसे बनाने के लिए सत्तू 50 ग्राम, पीसा हुआ लहसन, अदरक और नींबू का रस, स्वाद अनुसार नमक, कटी हुई हरी मिर्च, अजवाइन, पतला कटा धनिया पत्ती को एक साथ मिलाएं और इस मिश्रण से परांठा बनाएं। दही के साथ इस परांठे का लुत्फ लें।