कपड़ों को फेड होने से बचायें

कपड़े पुराने होने के साथ धीरे-धीरे फेड होने लगते हैं, लेकिन कई बार कम प्रयोग के बावजूद भी कपड़े फेड होने लगते हैं। वॉशिंग मशीन में कपड़ों को धुलने से यह समस्या अधिक बढ़ रही है। कई बार रंगीन कपड़ों से निकलने वाला रंग आपके कपड़ों को बरबाद कर देता है। कपड़ों को कड़क धूप में सुखाने से भी उनका रंग चला जाता है। कपड़ों के रंग को जैसे का तैसा बनाएं रखने के लिए कई तरीके होते हैं जिन्हें अपनाकर आसानी से कपड़ों को हमेशा के लिए अच्छा बनाए रखा जा सकता है। कपड़ों को फेड होने से कुछ तरीकों के बारे में हम आपको बता रहे हैं।
एक साथ न धुलें

कपड़ों को फेड होने से बचाने के लिए यह सबसे अच्छा तरीका है। जब भी आप अपने कपड़ों को धुलें एक साथ न धुलें। जब भी कपड़ों को मशीन से या फिर हाथ से धुलें तो हल्के और डार्क रंग के कपड़ों को अलग-अलग से धुलें। इससे कपड़ों पर एक-दूसरे का रंग नहीं लगेगा और उनकी चमक बरकरार रहती है।
धूप से बचाकर रखें

कपड़े चाहे नाजुक हों या फिर मोटे, अगर आप उनको अधिक देर तक कड़क धूप में सुखायेंगे तो वे फेड हो जायेंगे। इसलिए कपड़ों को धूप में सुखाने से बचें। अगर आपके कपड़े बहुत नाजुक फैब्रिक के हैं तो उनको बिलकुल भी धूप में न सुखायें। अगर सुखाना आवश्यक हो तो उनको उल्टा करके सुखायें। इससे कपड़ों पर सीधी धूप नहीं पड़ती और वो हमेशा चमकदार बने रहते हैं।
सिरके में डुबायें

सिरका केवल खाने या फिर सौंदर्य के लिए ही प्रयोग नहीं किया जाता है, बल्कि आप सिरके के प्रयोग से अपने घर की कई चीजें कर सकते हैं। कपड़ों को अगर फेड होने से बचाना है तो इसे सिरके में डुबोयें। अगर आप हाथों से कपड़ों को धुल रहे हैं तो उनको डिटर्जेंट की जगह सिरके में भिगो दें। इससे उनकी चमक बनी रहती है और उनका रंग भी नहीं निकलेगा।
सही तरीके से सुखाएं

कपड़ों को सही तरीके से अगर नहीं सुखाया जाये तो उनकी रंगत फीकी पड़ने लगती है। कपड़ों को फेड होने से बचाने के लिए जरूरी है कि उनको सही तरीके से सुखायें। कपड़ों को सही तरीके से पानी से निचोड़ने के बाद फटकार लें और उल्टा करके सही से तार पर डालें। इससे उनमें एक-समान हवा लगती है और वो अच्छे से सूख जाते हैं।
कपड़ों को ठंडे पानी में धुलें

जब कपड़े अच्‍छे से साफ नहीं होते हैं तब उनको हम गरम पानी में डिटर्जेंट के साथ भिगो देते हैं। इससे कपड़े साफ नहीं होते बल्कि कमजोर होने के साथ फेड भी होने लगते हैं। इसलिए कपड़ों को गर्म या गुनगुने पानी में धुलने से बचें। गरम पानी की बजाये कपड़ों को हमेशा ठंडे पानी में धुलें, इससे उनकी चमक बरकरार रहती है। All Images - Getty