फल खाने के लाभ

फलाहार को उत्तम आहार की श्रेणी में रखा जाता है। फलों में कई विटामिन पाये जाते हैं। इसके साथ ही इसमें प्रोटीन और मिनरल्‍स भी पाये जाते हैं, जो हमारे शरीर के लिए काफी अच्‍छे होते हैं। फल हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मददगार होते हैं। मौसमी फल हमारी सेहत को कई रोगों से बचाने में भी मदद करते हैं। आइए इस स्‍लाइड शो के जरिए जाने कि किस फल में कौन-कौन से पौष्टिक तत्व पाए जाते हैं।
सेब

कहा जाता है कि निरोग रहने के लिए एक सेब रोज खाइये। पोषक तत्‍वों से भरपूर सेब न केवल आपको स्‍वस्‍‍थ रखता है बल्कि रोगों से लड़ने में भी मदद करता है। रेशे वाले इस फल में विटामिन और फाइबर भी अच्‍छी मात्रा में पाया जाता है। डॉक्टरों के मुताबिक सेब खाने से पाचन क्रिया ठीक रहती है। इसमें काफी मात्रा में विटामिन होते हैं। इस खाने से कोलोन कैंसर, प्रोस्टेंट, फेफड़ों का कैंसर और कोलेस्ट्रोल बढ़ने का खतरा कम करता है।
पपीता

पपीता सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है। इसमें एंटी आक्सीडेंट, खनिज पदार्थ और फाइबर प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। यह पेट के लिए बेहद फायदेमंद होता है। पपीता खाने से आंखों की रोशनी भी अच्छी बनी रहती है। अगर पेट में की़डे हों , तो कच्चे पपीते का जूस फायदा करता है।
केला

केला डिप्रेशन, एनीमिया, हाई ब्लड प्रेशर और कब्ज में लाभकारी है। इसे खाने से फौरन ताकत मिलती है। यह आपके मूड को भी अच्छा बनाए रखता है। केला खाने से यूरीन की समस्या को दूर करने में मदद मिलती है कच्चे केले को दूध में मिलाकर लगाने से त्वचा निखर जाती है और चेहरे पर भी चमक आ जाती है। इसके भी एक नहीं, अनेक फायदे हैं। खाना खाने के बाद केला खाने से भोजन आसानी से पच जाता है।
आम

आम विटामिन सी और ई, पोटैशियम और आयरन पाया जाता है। यह शरीर को तुरंत एनर्जी देता है। इसमें पाए जाने वाले तत्व आंखों के लिए फायदेमंद होते हैं। यह एंटीआक्सीडेंट का अच्छा स्रोत है।
अंगूर

अंगूर एक बलवर्घक एवं सौन्दर्यवर्घक फल है। फलों में अंगूर सर्वोत्तम माना जाता है। यह निर्बल-सबल, स्वस्थ-अस्वस्थ आदि सभी के लिए समान उपयोगी होता है। विटामिन ए पर्याप्त मात्रा में होने से अंगूर का सेवन भूख बढाता है, पाचन शक्ति ठीक रखता है और आंखों, बालों एवं त्वचा को चमकदार बनाता है।
लीची

लीची भी पौष्टिक तत्वों का भंडार है। इसमें विटामिन सी और पोटैशियम भरपूर मात्रा में मौजूद होता है। साथ ही पानी की मात्रा भी काफी होती है। गर्मी में इसका सेवन करने से यह शरीर में पानी के अनुपात को संतुलित रखता है और शरीर में ठंडक भी पहुंचाता है।
अमरूद

स्वाद में लाजवाब अमरूद स्वास्थ्य की दृष्टि से बहुत ही उपयोगी फल है। पौष्टिकता से भरपूर अमरूद को संस्कृत में अमृतफल भी कहते हैं। कच्चे अमरूद में विटामिन सी अधिक मात्रा में पाया जाता है। खाना खाने के पहले अमरूद के नियमित सेवन से कब्ज़ की शिकायत नहीं होती है।
तरबूज

तरबूज विटामिन ए, सी और बी6 का सबसे बडा़ स्‍त्रोत है। विटामिन सी हमारे शरीर के प्रतिरक्षा तन्त्र को मजबूत बनाता है और विटामिन ए हमारी आंखों के स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी होता है। गर्मी में तरबूज शरीर में पानी की कमी को पूरा करता है। तरबूज में 92% पानी और 6% शक्‍कर होती है। इसमें बीटा कैरोटीन होता है जो दिल की बीमारी के लिए फायदेमंद होता है।
आलूबुखारा

आलूबुखारा मीठा और जूस से परिपूर्ण फल है। इसमें विटामिन सी प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। यह कैंसर प्रतिरोधी होता है। इसके नियमित इस्तेमाल से दिल की बीमारी को दूर रखा जा सकता है।