
यह मौसम मूंगफली की फसल का है। इस मौसम में मूंगफली खेतों से निकालकर घरों में लाई जा रही है। खेतों से निकली ये कच्ची मूंगफलियां सेहत के लिए बहुत लाभकारी हैं। नमामी लाइफ में न्यूट्रशनिस्ट शैली तोमर का कहना है कि मूंगफली में बाकी नट्स के मुकाबले ज्यादा प्रोटीन होता है। इसमें 30 जरूरी विटामिन और मिनरल्स होते हैं। डॉ. शैली तोमर से जानते हैं कि कच्ची मूंगफली खाने से शरीर को क्या लाभ मिलते हैं।
प्रोटीन का अच्छा स्रोत

मूंगफली प्रोटीन का अच्छा स्रोत होती हैं। 100 ग्राम मूंगफली करीब 26 ग्राम प्रोटीन देती है। जिसे हाई प्रोटीन माना जाता है। शरीर में प्रोटीन मांसपेशियों को बनाने, उनकी रिपेयरिंग करने, इम्युनिटी को बूस्ट करने और एंजाइम्स के प्रोडक्शन व हार्मोन्स के प्रोडक्शन में काम आती है। वर्कआउट के बाद मूंगफली खाना ज्यादा लाभकारी रहता है।
फाइबर से भरपूर

मूंगफली में फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है। 100 ग्राम मूंगफली में 10 ग्राम फाइबर पाया जाता है। डायटरी फाइबर से पाचन क्रिया मजबूत होती है। कब्ज की परेशानी से निजात मिलती है। मूंगफली हेल्दी डाइट को प्रमोट करती है।
दिल के लिए अच्छी है मूंगफली

अमेरिकन हार्ट एसोशिएशन ने मूंगफली को दिल के लिए बहुत अच्छा भोज्य विकल्प बताया है। ये गुड कोलेस्ट्रोल को बढ़ावा देते हैं। मूंगफली बैड कोलेस्ट्रोल को कम करता है। इस तरह मूंगफली हेल्दी हार्ट के लिए जरूरी है।
कैंसर से बचाव

मूंगफली में एंटीऑक्सीडेंट् पाए जाते हैं जिन्हें रेसवर्रेट्रोल कहा जाता है। यह एंटीऑक्सीडेंट्स कैंसर को दूर रखते हैं। ये रेडिएशन साइड इफैक्ट से भी बचाते हैं।
हेल्दी फैट्स

मूंगफली में हेल्दी फैट्स पाए जाते हैं। पीनट्स में हाई फैट्स होते हैं। ये मोनोअनसेट्युरेटिड फैटी एसिड होते हैं और पोलीअनसेच्युरेटिड फैटी एसिड एसिड्स होते हैं जो हेल्दी होते हैं। हेल्दी फैट्स मस्तिष्क, हृदय और त्वचा के लिए लाभकारी होते हैं।
बालों का झड़ना रोके

बालों की लंबाई और मजबूती के लिए बायोटिन और विटामिन बी7 सबसे जरूरी विटामिन माने जाते हैं। कच्ची मूंगफली में बायोटिन और प्रोटीन का अच्छा स्रोत हैं। यह हेयर फॉल को रोकते हैं। साथ ही नए बालों का निर्माण करते हैं। एक मुट्ठी मूंगफली में 5 mcg बायोटिन पाया जाता है। 18 साल से ऊपर से लोगों को रोजाना 30 mcg बायोटिन की जरूरत पड़ती है।
गर्भावस्था में लाभकारी

मूंगफली विटामिन बी9 से भरपूर होती है। इसमें फोलिक एसिड भी पाए जाते हैं। गर्भावस्था में फोलिक एसिड लाभकारी होता है। यह फोलिक एसिड भ्रूण के विकास के लिए जरूरी होता है। प्रेग्नेंट महिलाओं को 400 से 600 mcg फोलिक एसिड की जरूरत पड़ती है। आधा कटोरी मूंगफली में 175 mcg फोलिक एसिड पाया जाता है।
मधुमेह के रोगियों के लिए फायदेमंद

मधुमेह के रोगियों के लिए मूंगफली फायदेमंद होती हैं। इनमें ग्लीसेमिट इंडेक्स कम होता है। इसमें glycemic index 23 होता है। कम ग्लीसेमिक इंडैक्स वाले फूड मधुमेह के रोगियों के लिए लाभकारी होते हैं। मूंगफली ब्लड शुगर को संयमित करते हैं और ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ने से रोकते हैं। मधुमेह के रोगी को मूंगफली खाना एक अच्छा स्नैक का विकल्प है।
वजन प्रबंधन

मूंगफली में फैट्स, प्रोटीन और फाइबर अधिक मात्रा में पाए जाते हैं। सीमित मात्रा में इन्हें खाने से ये आपको भरपूर पोषण देते हैं और ज्यादा खाने से बचा लेते हैं। इसलिए वजन नियंत्रण करने में सहायक हैं। मूंगफली में विटामिन ई भी पाया जाता है जो हेल्दी स्किन के लिए जरूरी होते हैं। साथ ही मूंगफली दिल के लिए भी फायदेमंद है। एक दिन में 30 ग्राम से ज्यादा मूंगफली न खाएं। ज्यादा मात्रा में खाने से वजन बढ़ने की समस्या हो सकती है। अगर आप वजन कम कर रहे हैं तो हफ्ते में 2 बार मूंगफली का सेवन करें। पीनट्स से एलर्जी भी होती है।